नगर निगम के बिल्डिंग परमिशन विभाग को लेकर अक्सर यह कहा जाता है कि यहां बिना दिए लिए कोई नक्शा पास नहीं होता है। जब की पूरी व्यवस्था ऑनलाइन है इसमें कोई अधिकारी जानबूझकर नक्शा नहीं रोक सकता है। निगम अधिकारियों ने बताया कि निगम के रजिस्टर्ड आर्किटेक्ट द्वारा सही ढंग से और पूरे दस्तावेजों के साथ नक्शा सबमिट नहीं किए जाने के कारण ही प्रकरण में विलंब होता है। लंबे समय से देखने में आ रहा था कि निगम के रजिस्टर्ड आर्किटेक्ट पीयूष जैन और ललित ठोमरे अधूरे दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन नक्शा सबमिट कर रहे थे। जिसके कारण लोगों को परेशानी हो रही थी। कई बार चेतावनी देने के बाद भी लाइसेंस धारी आर्किटेक्ट के कामकाज में कोई सुधार नहीं आया। जिसे देखते हुए कल इन दोनों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए। निगम आयुक्त श्रीमती प्रतिभा पाल ने अब कड़े कदम उठाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अधूरे दस्तावेज लगाकर नक्शा सबमिट करने वाले लापरवाह आर्किटेक्ट के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्यवाही करें।
