क्या आज रात देश में इमरजेंसी की घोषणा करेंगे PM मोदी? जानें क्या है सच्चाई?

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read
नई दिल्ली. देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) के अब तक 518 कंफर्म मामले सामने आए हैं, जबकि 10 लोगों की इस वायरस से जान भी जा चुकी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) आज रात 8 बजे देश को संबोधित करने वाले हैं. हफ्ते में पीएम मोदी के दूसरे संबोधन को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही है. एक वेबसाइट पर दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी आज रात देश में वित्तीय आपातकाल (Financial Emergency ) का ऐलान करने वाले हैं. हालांकि, सरकार ने ऐसी बातों से साफ इनकार किया है.

प्रेस इंफोर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने एक ट्वीट कर इसकी जानकारी दी. PIB ने अपने ट्वीट में लिखा- ‘एक वेबसाइट झूठी खबर चला रही है कि आज रात सरकार देश में वित्तीय इमरजेंसी की घोषणा करने वाली है, ताकि कोरोना से हुए संकट से निपटा जा सके. आपको सलाह दी जाती है कि ये खबरें फेक हैं और इन पर भरोसा न करें. सरकार का ऐसा कोई प्लान नहीं है.’

पीएम मोदी ने किया है ये ट्वीट
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार सुबह 11 बजे अंग्रेजी और हिंदी में ट्वीट किए. उन्होंने लिखा, ‘वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण बातें देशवासियों के साथ साझा करूंगा. आज, 24 मार्च रात 8 बजे देश को संबोधित करूंगा.’

पीएम ने रविवार को की थी जनता कर्फ्यू की अपील
भारत में इस वायरस से अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 34 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं. कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए पीएम मोदी ने इससे पहले रविवार को जनता कर्फ्यू का ऐलान किया था, जिसे देशवासियों का समर्थन मिला था.

किस राज्य में कोरोना के कितने मरीज?
अगर राज्यवार आंकड़ों की बात करें, तो कोरोना के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में मिले हैं. यहां अब तक 101 कंफर्म केस सामने आए हैं, जबकि 3 लोगों की मौत भी हो चुकी है. महाराष्ट्र के बाद इस वायरस के ज्यादा मामले केरल में मिले हैं. यहां अब तक 95 केस रिपोर्ट हुए हैं. हालांकि, अभी तक किसी की मौत नहीं हुई है.

इसके अलावा कोरोना वायरस के आंध्र प्रदेश में 7, बिहार में 2, छत्तीसगढ़ में 1, चंडीगढ़ में 6, दिल्ली में 30, गुजरात में 35, हरियाणा में 26, हिमाचल प्रदेश में 2, जम्मू-कश्मीर में 4, कर्नाटक में 33, लद्दाख में 13, मध्य प्रदेश में 6, ओडिशा में 2, पुडुचेरी में 1, पंजाब में 24, राजस्थान में 32, तमिलनाडु में 12, तेलंगाना में 33, उत्तर प्रदेश में 35, उत्तराखंड में 5 और पश्चिन बंगाल में 7 केस आए हैं.

ये भी पढ़ें:- देश में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के केस, रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे PM मोदी
देश के 23 राज्यों में कोरोना के अब तक 492 केस, जानें कहां-कितने मरीज़?

 

Exit mobile version