मुम्बई से निखिल सोनी की रिपोर्ट
मुंबई. महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने बुधवार को मीडिया के माध्यम से लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘मैं आप लोगों की परेशानी समझता हूं। घर पर रहने में काफी तरह की दिक्कतें आ रही हैं। लोग बोर हो रहे हैं। मुझे इसका दुख है। लेकिन हमारे पास घर पर रहने के अलावा और कोई ऑप्शन नहीं है।’ महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बाद 24 मार्च को पूरे राज्य में कर्फ्यू लगा दिया गया था। राज्य में सरकार की तमाम कोशिशों के बाद भी संक्रमित लोगों की संख्या एक हजार से ज्यादा हो गई है।
‘इसमें कोई शक नहीं की हम यह लड़ाई जीत जाएंगे’
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में पहला केस मिलने के बाद से ही हम टीम वर्क की तरह काम कर रहे हैं। कोरोनावायरस के संक्रमण लगातार बढ़ रहे हैं लेकिन यह बहुत ज्यादा तेज नहीं है।”
उन्होंने कहा, “हमें कोई शक नहीं है कि हम यह लड़ाई जीत जाएंगे। लेकिन इसके बाद इकोनॉमी के मोर्चे पर हमारी लड़ाई इससे भी बड़ी है।”
‘जल्द निकल जाएगा यह मुश्किल दौर’
ठाकरे ने कहा कि हम देख रहे हैं कि अमेरिका, जापान और सिंगापुर में क्या हो रहा है। हम ये भी सुन रहे हैं कि वुहान में क्या हुआ है जहां से यह कोरोनावायरस का संक्रमण शुरू हुआ था। वुहान में अब लॉकडाउन खत्म हो गया है जो एक सकारात्मक खबर है। ठाकरे ने कहा कि यह मुश्किल दौर भी निकल जाएगा।
15 लाख प्रवासी मजदूरों के लिए किया जा रहा खाने का इंतजाम
ठाकरे ने बताया कि महाराष्ट्र में प्रवासी मजदूरों के लिए हम हर दिन 15 लाख लोगों के खाने-पीने का इंतजाम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने पीएम से भी निवेदन किया है कि पीएम को मीडिल क्लास के लिए भी कोई स्कीम लेकर आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसी कई रिपोर्ट है कि PPE किट्स, N-95 मास्क और वेंटिलेटर्स की कमी है। हमें यह समझना होगा कि दुनिया भर में इन चीजों की सप्लाई कम है। यहां तक कि अमेरिका भी हमसे दवा मांग रहा है।
मास्क पहनकर बाहर निकलें लोग
उद्धव ठाकरे ने कहा कि मैं सबसे निवेदन करता हूं कि आ जरूरी चीजों की खरीदारी के लिए मास्क पहनकर ही बाहर निकलें। मास्क किसी दुकान से खरीदने की जरूरत नहीं है। आप किसी साफ कपड़े से घर में ही मास्क बना सकते हैं। साथ ही सिंगल यूज मास्क को डिस्पोज करते हुए बेहद सावधानी बरतें।
मेल भेजकर स्वास्थ्य विभाग का करें धन्यवाद
उन्होंने यह भी कहा कि जिन भी लोगों को बुखार या खांसी हैं वो Covid-19 के खास अस्पतालों में जाकर चेक करवाएं। ठाकरे ने मेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाने के लिए एक खास मुहिम चलाई है। उन्होंने रिटायर नर्स, वॉर्ड बॉय, ट्रेन्ड मेडिकल स्टाफ को मदद के लिए आगे आने को कहा। उन्होंने Covidyoddha@gmail.com पर उन्हें अपना नाम भेजने को कहा है।
ठाकरे ने कहा कि हम राज्य में टेस्टिंग बढ़ा रहे हैं। निश्चित तौर पर मुंबई में हालत खराब है। हम मुंबई और पुणे में टेस्ट बढ़ाने जा रहे हैं।
