
भोपाल,
अपराधों एवं अपराधियों पर नियंत्रण करने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस सजगता से कार्य कर रही है। इसी कड़ी में शिवपुरी जिले की पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक लाख रुपए के कुख्यात इनामी डकैत सूरज पिता अनारथ पारदी उम्र 48 साल निवासी ग्राम सेंबड़ा को शिवपुरी जिले के जंगल से गिरफ्तार किया है। डकैत उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और राजस्थान में चोरी, डकैती, लूट, हत्या का प्रयास जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम दे चुका है। कुख्यात आरोपी की तीन राज्यों की पुलिस तलाश कर रही थी। तीनों ही राज्यों में आरोपी पर कुल 22 अपराध दर्ज हैं। आरोपी के पास से पुलिस को 315 बोर का लोडेड देशी कट्टा, 3 जिंदा राउंड एवं 27 हजार 500 रुपए नगद मिले है। पुलिस ने आरोपी पर प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की है।
हाल ही में दिया था चोरी- लूट की वारदात को अंजाम
गिरफ्तार किए गए कुख्यात डकैत सूरज पारदी द्वारा शिवपुरी जिले के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र में 24 एवं 25 जून 2024 को लूट व चोरी की की वारदातों को अंजाम दिया गया था। दरअसल 25 जून को अनिल भारद्वाज अपने चार पहिया वाहन से भोपाल से गोहद जा रहे थे। रात करीब 2.30 बजे गाराघाट अमर नदी पुल के पास उनके वाहन का टायर पंचर हो गया। तभी रोड पर बांयी तरफ से चार लोग डंडे लेकर हमारे पास पहुंचे और उन्हें जंगल में अपने साथ ले गए। बदमाशों ने अनिल भारद्वाज से सोने की चेन, 2 सोने की अंगूठी एवं एक लाख रुपए नगद लूट लिए। इसकी शिकायत फरियादी ने सुभाषपुरा थाने में दर्ज कराई। इसी तरह फरियादी श्यामदास महाराज निवासी सांकरे बाले हनुमान मंदिर द्वारा थाना सुभाषपुरा रिर्पोट दर्ज करायी की। 24-25 जून की दरमियानी रात वह मंदिर के बाहर सो रहे थे। तभी अज्ञात व्यक्ति 6 हजार रुपए व मंदिर का डीवीआर चुराकर ले गए। उक्त दोनों ही मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश आरंभ की।
पुलिस ने जंगल में की आरोपी की तलाश
दोनों घटनाओं के संज्ञान में आते ही पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविन्द कुमार सक्सेना एवं पुलिस उप महानिरीक्षक श्रीमती कृष्णावेणी देशावतु द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक राठौड़ ने अति. पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं सीएसपी शिवपुरी संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुभाषपुरा उनि राजीव दुबे ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ग्राम धौलागढ़, करई, कैरउ, नयागांव, सेवड़ा, गोपालपुर, पटेवरी, कुंअरपुर, मुढेरी, सिंहनिवास में सर्चिंग की। पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी की सांकरे बाले हनुमान मंदिर के जंगलों में गाराघाट रोड किनारे एक व्यक्ति कट्टा लेकर घूम रहा है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उक्त स्थान पर दबिश दी। यहां से पुलिस ने घेराबंदी कर सूरज पारदी को पकड़ा। उसके कब्जे से 315 बोर का लोडेड देशी कट्टा, 3 जिंदा राउंड एवं 27 हजार 500 रुपए नगद बरामद किए।
उत्तर प्रदेश में की थी डकैती
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उत्तर प्रदेश के जिला कन्नौज थाना कोतवाली क्षेत्र में व्यापारी विमलेश चंद्र तिवारी के घर में 29.06.23 में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात को स्वीकार किया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर व्यापारी के घर में घुसकर लोगों को बंधक बनाकर 50 लाख रुपए के सोने चांदी के जेवर, 7 लाख रुपए नगद व एक लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर फरार हो गए थे। इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने आरोपी पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
आरोपी को गिरफ्तार करने में शिवपुरी पुलिस ने अथक प्रयास किए। आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी सुभाषपुरा उनि राजीब दुबे, प्रआर महेशदत्त शर्मा, प्रआर अभय सिंह, आर. संजय जाट, आर. काले खान, आर. विमल मोरे, आर. धर्मेन्द्र शर्मा, आर. देवेन्द्र धाकड़ एवं आर. चालक सोनू की सराहनीय भूमिका रही
