Gen-Z साइक्लोथॉन के नाम पर विद्यार्थियों पर दबाव एवं प्रलोभन दिए जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच हो — राकेश सिंह यादव,प्रदेश प्रवक्ता,भारतीय जनता पार्टी

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

जिला प्रशासन हॉस्टलों एवं कोचिंग संस्थानों को विद्यार्थियों की सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करे

विधार्थीयों के साथ कांग्रेस द्वारा की जा रहीं गुंडागर्दी के घटनाक्रम से मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया

भारतीय जनता पार्टी, मध्यप्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रस्तावित Gen-Z साइक्लोथॉन के संबंध में प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल आवश्यक प्रशासनिक निर्देश जारी किए जाएं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कहा कि उन्हें विभिन्न छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों की ओर से ऐसी शिकायतें प्राप्त हुई हैं कि कुछ शासकीय एवं निजी छात्रावासों तथा कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों से संपर्क कर उन्हें साइक्लोथॉन में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि इन शिकायतों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

- Advertisement -

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ शिकायतों में यह भी कहा गया है कि विद्यार्थियों को आर्थिक प्रलोभन देने तथा उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया।
यदि इस प्रकार की कोई गतिविधि हुई है तो यह विद्यार्थियों की स्वतंत्र इच्छा, उनकी सुरक्षा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कहा कि उन्हें यह भी शिकायत मिली है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा छात्रावासों में जाकर विद्यार्थियों से संपर्क किया गया। यदि बिना वैधानिक अनुमति या संस्थान के नियमों का पालन किए ऐसा किया गया है तो संबंधित अधिकारियों को इसकी जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने यह भी मांग की कि जिला प्रशासन समस्त शासकीय एवं निजी छात्रावासों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों तथा छात्रावास संचालकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे कि किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों की भागीदारी पूरी तरह स्वैच्छिक हो तथा यदि विद्यार्थी छात्रावास में रह रहे हों तो संस्थान अपने नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप अभिभावकों को सूचित करने जैसी उचित प्रक्रिया अपनाएं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कहा कि यदि किसी भी विद्यार्थी पर दबाव, धमकी, अनुचित प्रभाव या आर्थिक प्रलोभन डालने की सूचना कि पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से विद्यार्थियों को अपनी स्वतंत्र इच्छा से निर्णय लेने का अधिकार है और किसी भी प्रकार का दबाव स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।

उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं उच्च शिक्षा विभाग से मांग की कि:

  1. प्राप्त शिकायतों की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए।
  2. शासकीय एवं निजी छात्रावासों में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश की जांच की जाए।
  3. विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
  4. यदि किसी प्रकार के आर्थिक प्रलोभन, दबाव अथवा धमकी के आरोप सत्य पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए।
  5. किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों की भागीदारी पूर्णतः स्वैच्छिक एवं कानूनसम्मत रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक गतिविधियां संविधान एवं कानून की मर्यादाओं के भीतर ही संचालित होनी चाहिए। यदि किसी भी संगठन द्वारा विद्यार्थियों को प्रभावित करने के लिए अनुचित साधनों का उपयोग किया जाता है तो उस पर निष्पक्ष जांच और कानून के अनुरूप कार्रवाई होना आवश्यक है।इस घटनाक्रम से मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया हैं।

Exit mobile version