9 साल की बच्ची से गैंगरेप, दो गिरफ्तार:मंदसौर में बहला-फुसलाकर ले गए थे; आरोपियों के घर से मिला तंत्र-मंत्र का सामान

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

मंदसौर के अफजलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को 9 साल की बच्ची के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक बच्ची घर में अकेली थी। इसी दौरान 25 वर्षीय आरोपी ने उसे अपने घर बुलाया। जैसे ही वह दरवाजे के पास पहुंची, आरोपी उसे पकड़कर अंदर ले गया। वहां पहले से मौजूद 40 साल के अपने साथी के साथ मिलकर बच्ची के साथ गलत काम किया।
डरी सहमी बच्ची ने परिजन को बताई पूरी घटना
घटना के बाद बच्ची काफी डर गई थी। बाद में उसने अपने परिवार वालों को आपबीती बताई। परिजन ने तुरंत थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
आरोपियों की पहचान अशोक दर्जी और अजय मालवीय के रूप में हई है। दोनों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और दूष्कर्म की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
घर से मिली संदिग्ध सामग्री, जांच जारी
पुलिस ने पीड़िता की निशानदेही पर आरोपियों के घर की तलाशी ली। इस दौरान तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री मिलने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है
एडिशनल एसपी टीएस बघेल का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Exit mobile version