7 फीट गहरी हौज में डूबने से बच्चे की मौत:मां बना रही थी चाय, 3 साल का गणेश खेलते-खेलते पानी की टंकी के पास पहुंच गया

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोरमागंज इलाके में मां मनीषा के साथ अपने नाना-नानी के घर रह रहे तीन साल के मासूम की पानी की हौज में डूबने से मौत हो गई। घटना मंगलवार शाम की है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पलासिया पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गणेश पुत्र सुनील भील (उम्र 3 वर्ष) के रूप में हुई है। मंगलवार शाम उसकी मां मनीषा घर के अंदर चाय बना रही थी, इसी दौरान गणेश खेलते-खेलते बाहर चला गया। काफी देर तक जब वह नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
कुछ समय बाद गणेश घर के बाहर बनी करीब 7 फीट गहरी पानी की हौज में डूबा हुआ मिला। परिजन उसे तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अकसर खुली रहती थी पानी की हौज
परिवार के लोगों ने बताया कि मकान में बनी पानी की हौज अक्सर खुली ही रहती थी, जिस पर कोई ढक्कन नहीं था। गणेश के नाना-नानी एक बिल्डिंग में चौकीदारी का काम करते हैं और घटना के समय वे दोनों मालिक के बंगले पर काम से गए हुए थे। वहीं गणेश का मामा अपनी नौकरी पर था और मामी घर के एक कमरे में मौजूद थी।
तीन बहनों का इकलौता भाई था गणेश
परिजनों के मुताबिक मनीषा की शादी बुरहानपुर में हुई थी। पति सुनील के साथ करीब डेढ़ साल से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते मनीषा अपने मायके इंदौर आकर रहने लगी थी। गणेश उसकी तीन बेटियों का इकलौता भाई था, जबकि तीनों बहनें अपने पिता के साथ बुरहानपुर में रहती हैं।

Exit mobile version