मोबाइल लूटने का नया तरीका सामने आया है। हीरानगर इलाके में बदमाशों ने 500 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर का झांसा दिया फिर युवक का मोबाइल लेकर फरार हो गए। फुटेज के आधार पर एक युवक और दो नाबालिगों को पकड़ा गया है।
आई सुशील पटेल के अनुसार, देवेंद्र परिहार (35) निवासी लोटस पार्क अरबिंदो अस्पताल के पास की शिकायत पर बाइक (MP09DN0701) चालक और उसके साथी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फरियादी ने बताया, मिलन गार्डन के पास एक बाइक पर 3 लड़के आए। एक लड़के के सिर पर जूड़ा बना हुआ था। तीनों बोले हमें 500 रुपए कैश दे दो। हम आपको ऑनलाइन ट्रांसफर कर देते हैं। मैंने कहा ठीक है। ऑनलाइन कर दो, मैं आपको नकद दे देता हूं। वे बोले पैसा ट्रांसफर कर दिया है तो मैं अपना मोबाइल निकालकर देखने लगा। तभी लड़के ने झपट्टा मारकर फन छीन लिया और बाइक से भाग गए।
नशे के लिए की वारदात
टीआई के अनुसार हमने फुटेज और बाइक नंबर के आधार पर राजवीर (19) पिता गुरजंट सिंह संधू निवासी खालसा चौक निरंजनपुर और उसके दो नाबालिग दोस्तों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों का कहना है उन्होंने नशे के लिए वारदात की थी। उनसे और भी पूछताछ की जा रही है।
तीन घरों में चोरों का धावा, हजारों की नकदी और गहने चुरा ले गए
शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बदमाशों ने इस बार तीन घरों को निशाना बनाकर गहने व नकदी चुरा ली। पहली चोरी जूनी क्षेत्र में हुई। पुलिस ने मुताबिक अजीज हवेलीवाला निवासी जमीला मेंशन नंदनवन कॉलोनी की शिकायत पर शुक्रवार को चोरी का केस दर्ज किया है। बदमाश अजीज के घर में घुसे और अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने के गहने व नकदी ले गए।
भंवरकुआं इलाके में दिनदहाड़े चोरियां : चोरी की दूसरी वारदात भंवरकुआं क्षेत्र में हुई। पुलिस के मुताबिक यशोदा चावला निवासी सर्वानंद नगर, भोलाराम उस्ताद मार्ग ने बताया कि वे शुक्रवार को घर का दरवाजा खुला छोड़कर अपने गन्ने के ठेले के पास गई थीं। रात 8 बजे लौटकर आई तो पता चला अलमारी में रखा सामान बिखरा पड़ा है। अलमारी में रखी हजारों की नकदी गायब थी। तीसरी चोरी भी भंवरकुआं क्षेत्र में हुई। मनमीत कौर निवासी सत्यम कॉलोनी ने बताया कि वे सुबह 10 बजे अपने बुटिक में गई थीं। दोपहर 3 बजे घर लौटीं तो देखा अलमारी में रखा सामान बिखरा पड़ा था। चेक किया तो उसमें नकदी गायब थी।
