कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में समय-सीमा के प्रकरणों को लेकर बैठक आयोजित
स्कूली शिक्षा विभाग की लापरवाही पर लेखापाल निलंबित, अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
कुष्ठ रोग जांच अभियान 16 सितंबर से 8 अक्टूबर तक
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा के पत्रों के निराकरण (टीएल) की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सीएम हेल्पलाइन के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, लोक स्वास्थ्य, चिकित्सा, स्कूल शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग , ऊर्जा विभाग, जनजाति कार्य विभाग, श्रम विभाग आदि विभागों के प्रकरणों पर विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों के निराकरण में और बेहतर प्रदर्शन किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी 50 दिनों में लंबित प्रकरणों के निराकरण को प्राथमिकता देते हुए इस माह का लक्ष्य रखा जाए कि अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण गुणवत्तापूर्ण सुनिश्चित हो और कोई भी पात्र आवेदक अनावश्यक रूप से परेशान न हो। कलेक्टर श्री वर्मा ने विशेष रूप से पेंशन संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में पेंशन संबंधित प्रकरण लगातार प्राप्त होते हैं, इसलिए संबंधित अधिकारी इन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। श्री वर्मा ने अधिकारियों को अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध जारी कार्रवाई को लगातार प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान को भी निरंतर जारी रखने और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार प्रत्येक शिकायत का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आने वाले प्रकरणों का निराकरण संवेदनशीलता के साथ किया जाए।
लंबित भुगतान के प्रकरण में लापरवाही पर लेखापाल निलंबित
बैठक में स्कूली शिक्षा विभाग से संबंधित लंबित भुगतान के प्रकरण की समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रकरण में स्वर्गीय श्रीमती संगीता गुप्ता, जो सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थीं, के मृत्यु उपरांत स्वत्वों का भुगतान उनके परिवार को अब तक नहीं हुआ था। साथ ही क्रमोन्नति एरियर एवं अर्जित अवकाश नगदीकरण की राशि भी लंबित थी। स्व. श्रीमती गुप्ता के पति ने बताया कि राशियों का भुगतान नहीं होने से परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित राशियों का शीघ्र भुगतान कर प्रकरण का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रकरण में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने स्कूली शिक्षा विभाग के लेखापाल श्री अजय गोसरे को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा सहायक संचालक का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि पात्र हितग्राहियों और उनके परिवारों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण कर संबंधित व्यक्ति को उसका हक दिलाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
छात्रवृत्ति प्रकरण में लापरवाही पर सहायक संचालक को कारण बताओ नोटिस के निर्देश
बैठक में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग से संबंधित छात्रवृत्ति प्रकरण की समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग के सहायक संचालक श्री अनिल कुमार सोनी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में छात्रवृत्ति संबंधित प्रकरण सामने आया। वर्ष 2021-22 में ओबीसी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन किया था, लेकिन उसे उस समय छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पाया। अब वह वर्ष 2023-24 के सत्र में नए कॉलेज से छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करना चाहती है, लेकिन पूर्व में किए गए आवेदन के कारण उसका वर्तमान आवेदन ऑनलाइन सबमिट नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में संबंधित विभाग में आवेदन किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को छात्रा की समस्या का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि वह वर्तमान सत्र की छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति जैसे महत्वपूर्ण मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा पात्र विद्यार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।
गलत एंट्री पर ऑपरेटर का सात दिन का वेतन काटने के निर्देश
बैठक में आवेदिका सुश्री सविता डामर की शिकायत पर सुनवाई के दौरान आवास भत्ते की दूसरी किस्त से संबंधित प्रकरण सामने आया, जिसमें उन्हें आवास भत्ते की दूसरी किस्त का भुगतान प्राप्त नहीं हो पा रहा है। प्रकरण की समीक्षा के दौरान जनजातीय कार्य विभाग के ऑपरेटर श्री शज्जाद हुसैन कुरैशी द्वारा गलत एंट्री किए जाने की बात सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने लापरवाही पर कार्रवाई करते हुए ऑपरेटर का सात दिन का वेतन कटौती के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को शिकायत का शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राही को आवास भत्ते की दूसरी किस्त का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ऑनलाइन एंट्री सहित सभी विभागीय कार्य पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ किए जाएं।
प्रधानमंत्री आवास की अंतिम किस्त का भुगतान नहीं होने पर जांच के निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायत पर सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता श्री मंजूर मंसूरी के प्रधानमंत्री आवास योजना की अंतिम किस्त का भुगतान अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। प्रकरण को संवेदनशीलता से लेते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने विकास एवं आवास विभाग के पीओ को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रकरण की जांच कर भुगतान में आ रही समस्या का कारण पता लगाया जाए तथा पात्रता के अनुसार हितग्राही को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कुष्ठ रोग जांच अभियान 16 सितंबर से 8 अक्टूबर तक
राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत कुष्ठ रोग जांच अभियान 16 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक जिले में संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा व्यापक स्तर पर जांच कर कुष्ठ रोग के संभावित मरीजों की पहचान की जाएगी तथा आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, श्री रिंकेश वैश्य, सभी अनुविभागीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के संयुक्त संचालक सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को केवल औपचारिक रूप से बंद न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से लंबित शिकायतों की समीक्षा करें तथा अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
