5 महीने से युवक लापता:इंदौर क्राइम ब्रांच ऑफिस पहुंचीं मां और बहन; बहू पर लगाए गंभीर आरोप

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में 5 महीने से लापता युवक संदीप पाल को लेकर उसकी मां और बहन क्राइम ब्रांच पहुंचीं। यहां उन्होंने बेटे के लापता होने के मामले में बहू पर आरोप लगाए हैं। वहीं, बहू ने अशोक नगर में सास और ननद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले को पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ बता रही है।
बाणगंगा में रहने वाला संदीप पाल पिछले 5 महीनों से लापता है। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बाणगंगा थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
मां दुर्गाबाई का कहना है कि बेटे के लापता होने के बाद से बहू का व्यवहार बदल गया है। वह बार-बार यह कहकर परिवार को गुमराह कर रही है कि संदीप पर भारी कर्ज था और वह खुद ही कहीं चला गया। मां ने आशंका जताई है कि बेटे के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उनके मुताबिक बहू उनकी करोड़ों की पुश्तैनी जमीन में हिस्सा चाहती है।
वहीं बहन वर्षा पाल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी भाभी उन्हें झूठे मामले में फंसाने की कोशिश कर रही हैं। वर्षा का दावा है कि उनसे 70 लाख रुपए की मांग की गई है और इसकी रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है। परिवार का कहना है कि पहले उनके भाई को गायब किया गया और अब उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

Exit mobile version