अस्पताल में वार्ड और विभिन्न कक्षों के संकेत सूचक और हिंदी में लिखे जायेंगे जांच कक्ष ने नाम
ओपीडी, आपातकालीन सेवा, रोगी कल्याण समिति, ब्लड बैंक, सर्जरी सहित विभिन्न विभागों का किया अवलोकन
स्वास्थ्य अधिकारियों एवं चिकित्सकों को बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार एवं कलेक्टर श्री शिवम वर्मा गुरूवार सुबह इंदौर के एमवाय अस्पतताल संयुक्त रूप से निरीक्षण के लिए पहुंचे। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री लक्षकार एवं कलेक्टर श्री वर्मा ने एमवाय अस्पताल के ओपीडी, आपातकालीन सेवा, रोगी कल्याण समिति, ब्लड बैंक, नेत्र विभाग, आयुष्मान भारत योजना विभाग सर्जरी सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री लक्षकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे एमवाय अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों की सुविधाओं को सुनिश्चित करने हेतु जगह-जगह संकेत सूचक लगाये। साथ ही मरीजों की मुख्य जाँचे हिन्दी भाषा में लिखी जाए। मरीजों को दी जाने वाली दवाईयों के काउंटरों की संख्या भी बढ़ाई और उसकी व्यवस्था सुधारें। मरीजों के परिजनों की बैठक व्यवस्था में भी सुधार किया जाए। संभागायुक्त श्री लक्षकार ने स्वास्थ्य अधिकारियों और चिकित्सकों से कहा कि मरीज हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए, उनके उपचार में संवेदनशीलता बरते। सभी अधिकारी समय पर अपने विभागों में पहुँचे और गुणवत्ता के साथ कार्य करें।
संभागायुक्त श्री लक्षकार ने एमवाय अस्पताल के आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना के तहत लाभान्वित होने वाले मरीजों के बारे में भी स्वास्थ्य अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों के साथ एमवाय अस्पताल के सभी विभागों का निरीक्षण कर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय संचालक डॉ. शॉजी जोसेफ, एमवाय अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
