शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, किला भवन, इंदौर में प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव के संरक्षण, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी. पी. बैरागी के मार्गदर्शन में, कार्यक्रम के संयोजक प्रो. सुधीर कुमार छारी के निर्देशन में 21 जुलाई को “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग की ओर से डी.एस.पी श्रीमती आशा सेजकर, निरीक्षक श्री शहनाज बानो, उप निरीक्षक श्री आशीष शर्मा सहित लगभग 20 पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। अभियान के अंतर्गत निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशामुक्त समाज के संदेश को निबंधों के माध्यम से समाज को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया। निबंध प्रतियोगिता के लिए डॉ. नेहा गुप्ता एवं प्रो. सादिक खान ने अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया तथा प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया।


इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की आधारशिला हैं। ऐसे जागरूकता अभियान विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. बैरागी ने दैनिक जीवन की घटनाओं के उदाहरणों के माध्यम से छात्राओं को जागरूक करवाया। कार्यक्रम में छात्राओं ने भी मंच के माध्यम से नशे से दूर रहने हेतु स्लोगन के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए।
महाविद्यालय परिवार ने पुलिस विभाग के इस सराहनीय अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।


कार्यक्रम में निबंध प्रतियोगिता में प्रथम कु. शिखा लोधी, द्वितीय कु. दुर्गा शर्मा एवं तृतीय कु. अनन्या भदौरिया को डी.एस.पी आशा सेजकर, निरीक्षक शहनाज बानो, उपनिरीक्षक श्री आशीष शर्मा ने मेडल एवं प्रमाण पत्र और प्रतिभागी सभी छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक प्रो. सुधीर कुमार छारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों की सराहना की तथा छात्राओं से अपने परिवार एवं समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुँचाने का आह्वान किया गया। महाविद्यालय परिवार ने इस अभियान को जन-जागरूकता की दिशा में एक सार्थक पहल बताया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रो. सादिक खान द्वारा किया गया। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ. नेहा गुप्ता द्वारा दी गई।

Exit mobile version