शादी समारोह से नाबालिग ले गया 4.80 लाख रुपए से भरा बैग

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

बाणगंगा क्षेत्र में एक शादी समारोह से नाबालिग ने लाखों रुपए से भरा बैग चोरी कर लिया। घटना के दो दिन बाद पुलिस को फुटेज मिले हैं, जिनमें बालक बैग लेकर जाता दिखाई दे रहा है। हरीश कुमार झा (67) निवासी विजय नगर की शिकायत पर 4.80 लाख रुपए की चोरी का मामला दर्ज किया गया है। हरीश झा ने पुलिस को बताया कि 12 मार्च को मिलन सुंदरम गार्डन में उनके बेटे इंद्रजीत की शादी का रिसेप्शन था। समारोह के दौरान एक ग्रे-ब्लैक रंग के बैग में पर्स, एटीएम कार्ड और करीब 4 लाख 80 हजार रुपए नकद रखे हुए थे, जिसे कोई चुराकर ले गया। पुलिस ने इस मामले में राजगढ़-ब्यावरा की सांसी गैंग पर संदेह जताया है, जो पहले भी इस तरह की वारदातें कर चुकी है।
व्यापारी से लिफ्ट लेकर जेवर चुरा लिए
विजय नगर पुलिस ने सेनेटरी व्यापारी नमन वाघेला निवासी महालक्ष्मी नगर की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया है। नमन स्कूटी से बॉम्बे अस्पताल क्षेत्र में गए थे। रास्ते में एक युवक ने उनसे देवास नाके तक लिफ्ट मांगी। उसे वहां छोड़कर नमन बैंक होते हुए घर चले गए। नमन ने बैग देखा तो उसमें बॉक्स में रखी सोनो की दो चेन गायब थीं।
बाइक वाले से बैग छीना
भंवरकुआं क्षेत्र में भी बैग छीनने की वारदात सामने आई है। कलश कश्यप निवासी ग्राम सनावदिया खुड़ैल पेट्रोल खत्म होने पर धक्का लगाकर ले जा रहा था। इसी दौरान एक बदमाश ने उसके कंधे से बैग छीन लिया और फरार हो गया। कश्यप के अनुसार बैग में दो मोबाइल और जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।

Exit mobile version