शराब तस्कर और आबकारी की टीम आमने-सामने: अवैध शराब पकड़ने गई आबकारी टीम पर पथराव, फायरिंग… शराब भी लूट ली

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

धार जिले के तिरला थाना क्षेत्र के ग्राम सूरजपुरा में गुरुवार–शुक्रवार की रात अवैध शराब को लेकर जमकर विवाद हो गया। इस दौरान आबकारी विभाग की टीम और शराब तस्कर आमने-सामने आ गए। इस दौरान मौके पर टीम पर पथराव और फायरिंग कर शराब भी लूट ली।
हालांकि गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन घटना का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कुछ लोगों के घायल होने की भी बात कही जा रही है। रात में अवैध शराब की बड़ी खेप की सूचना मिली थी। इसके बाद आबकारी विभाग की दबिश टीम कार्रवाई के लिए सूरजपुरा पहुंची।
इसी दौरान कुछ लोगों ने टीम पर पथराव कर दिया। पथराव में दबिश टीम के वाहनों के कांच फूट गए। आरोप है कि इस दौरान शराब की लूट भी की गई और फायरिंग हुई, हालांकि गोली किसने चलाई, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
घटना की जानकारी मिलने पर तिरला पुलिस मौके पर पहुंची। शुक्रवार सुबह पुलिस ने एक वाहन जब्त किया, लेकिन उसमें शराब नहीं मिली। आबकारी उप निरीक्षक राजकुमार शुक्ला की शिकायत पर तिरला थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने बताया कि अवैध शराब की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। दबिश के दौरान ग्रामीणों ने हमला किया और मारपीट की। शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

Exit mobile version