भारत में विश्व रिकॉर्ड के लिए 14 जून को होगा ऑनलाइन योग सत्र
सर्वाधिक लोगों की एक साथ सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर 21 जून को देशभर में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष योग दिवस को विशेष और ऐतिहासिक बनाने के लिए आयुष मंत्रालय द्वारा Habuild Healthtech Pvt. Ltd. के सहयोग से एक विशेष गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 14 जून 2026 को प्रातः 6:15 बजे से सुबह 7:35 बजे तक आयुष मंत्रालय के यूट्यूब प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें एक साथ सर्वाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस ऐतिहासिक पहल के माध्यम से भारत को एक नया विश्व रिकॉर्ड दिलाने के लिए अभियान प्रारंभ किया गया है। देशभर के नागरिकों, योग साधकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों सहित सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के पश्चात प्रतिभागियों को व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से ऑनलाइन योग सत्र का लिंक प्राप्त होगा। रिकॉर्ड प्रयास के दिन प्रत्येक प्रतिभागी को अपने व्यक्तिगत मोबाइल, लैपटॉप अथवा अन्य डिजिटल उपकरण से अलग-अलग लॉग-इन करना आवश्यक होगा, क्योंकि प्रत्येक पंजीकृत डिवाइस को आधिकारिक रिकॉर्ड में शामिल किया जाएगा।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने कहा कि विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता कर नागरिक न केवल स्वयं को स्वस्थ रख सकते हैं, बल्कि भारत को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों तथा योग अभ्यासकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आग्रह किया है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे स्वयं पंजीयन कर कार्यक्रम में भाग लें तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। यदि किसी कारणवश मिस्ड कॉल के माध्यम से पंजीयन नहीं हो पाता है, तो इच्छुक प्रतिभागी लिंक https://moa.habit.yoga/ पर ऑनलाइन माध्यम से भी अपना पंजीयन करा सकते हैं।
संभागीय आयुष अधिकारी डॉ. मीना भायल एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. हंसा बारिया ने बताया कि 14 जून को आयोजित ऑनलाइन योग कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास से संबंधित प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनकर भारत को विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने में सहयोग देने की अपील की है।
