शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या महाविद्यालय तथा पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास परिसर खण्ड़वा रोड़ में किया गया पौधारोपण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ किया गया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, किला भवन, इंदौर में “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.डी. श्रीवास्तव के संरक्षण तथा प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. बैरागी के मार्गदर्शन में इको क्लब द्वारा संपन्न हुआ।
पौधारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में आम, जामुन, गूलर एवं जाम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। विशेष बात यह रही कि सभी पौधे महाविद्यालय परिसर में प्राकृतिक रूप से प्राप्त बीजों से तैयार किए गए हैं। पौधारोपण का उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में डॉ. एस.एन. ठाकुर, डॉ. शीतल झा, डॉ. अब्दुल वाहिद, श्री यतिन वाबले, डॉ. अमरीश निगम, डॉ. आशीष कपूर, डॉ. संध्या दावरे, डॉ. सुनीता राज, महाविद्यालय की छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय इको क्लब प्रभारी डॉ. पूजा जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं जैव विविधता के महत्व के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। उपस्थितजनों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया।
पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित शौर्य संकल्प प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा माय भारत मिशन के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय 500 सीटर पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास, खंडवा रोड, इंदौर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रावास परिसर में पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं प्रशिक्षणार्थी बालिकाओं ने पौधों की देखभाल का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर श्री अनिल सोनी (सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग), श्री पंकज गोस्वामी (डिप्टी डायरेक्टर, माय भारत), श्री शैलेंद्र अत्रे (निरीक्षक, पिछड़ा वर्ग), खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ब्लॉक समन्वयक श्रीमती लीना श्रीवास, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा शौर्य संकल्प प्रशिक्षण की बालिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रशिक्षणार्थी बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित भी किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया गया।
