विकास के पथ पर अग्रसर विधानसभा 1 को मिली 1.51 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

By Abhishek Raghuvanshi
6 Min Read

आकाश विजयवर्गीय ने किया वार्ड 6 में विकास कार्यों का लोकार्पण भूमिपूजन

वार्ड में 9 स्थानों पर जनसंवाद का आयोजन कर रहवासियों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

अस्थिकलश में खाली मटके के साथ फोटो खिंचवाकर कांग्रेसियों ने किया भागीरथपुरा के मृतकों का अपमान- वादे के मुताबिक सभी मृतकों के परिवारों को 1- 1 लाख रुपए दें कांग्रेस, मौतों पर राजनीति करना बेहद निंदनीयआकाश विजयवर्गीय

14 मार्च शनिवार को नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मार्गदर्शन में पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने विधानसभा 1 के वार्ड 6 में 1.51 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने वार्ड में 9 स्थानों पर जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन भी किया। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। विधानसभा 1 के सभी वार्डों में विकास कार्य चल रहे हैं और जहां पर कुछ समस्याएं हैं, उनको प्राथमिकता के आधार पर हल कर लिया जाएगा।
हम हर सप्ताह अलग अलग वार्डो में जाकर लोगों से मिलते है, उनका कुशलक्षेम जानते है , मोहल्लों में छोटी बड़ी समस्याओं पर जनता से सीधे संवाद करते है, और हमारे साथ अधिकारियों की टीम को उस समस्या के समाधान के काम पर लगाते है।
असल में लोकार्पण भूमिपूजन तो बस एक बहाना रहता है आप सब जनता के बीच जाकर मिलने का , बात करने का।
हमारे साथ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जी के कार्यालय की टीम भी रहती है जो निगरानी करती है कि क्षेत्र में सब काम सुचारू रूप से होता रहे।

- Advertisement -

कांग्रेस अस्थिकलश के बहाने सियासत चमका रही है

भागीरथरपुरा में मृतकों के कांग्रेस द्वारा प्रयागराज में अस्थि विसर्जन को लेकर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस मौतों की राजनीति कर रही है। सनातन धर्म में अस्थि विसर्जन मृत्यु के कुछ समय बाद ही हो जाता है। अपने खोए हुए जनाधार को प्राप्त करने के लिए कांग्रेस इस तरह की घटिया राजनीति कर रही है। मुझे बताया गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मृतकों के परिजनों को खाली अस्थि कलश दिए हैं और कहा कि यह जीतू पटवारी आए तो उनको दे देना। इस तरह से कांग्रेस मृतकों के परिजनों की संवेदनाओं से खिलवाड़ कर रही है। यदि कांग्रेस को भागीरथपुरा में मृतकों के परिजनों से इतनी हमदर्दी है तो वह पहले सभी को वो राशि दे, जिसकी उन्होंने घोषणा की थी। अभी तक सिर्फ 14-15 लोगों को कांग्रेस की ओर से राशि मिली है। दूसरी ओर मंत्री कैलाश विजयवर्गीयजी ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए भागीरथपुरा के हालातों को संभाला, लोगों का अच्छे अस्पतालों में इलाज करवाया, उनके राशन की व्यवस्था की, दो लाख रुपये का मुआवजा दिलवाया और अपने कार्यकर्ताओं के साथ मैदान में डटे रहे। उन्होंने फोटो खिचवाने की राजनीति नहीं की। अब वहां पर डायरिया के मामले नहीं आ रहे हैं। पहले भागीरथपुरा में 60 प्रतिशत नर्मदा की नई लाइन और 40 प्रतिशत पुरानी थी, लेकिन अब 100 प्रतिशत इलाके में नई लाईन डाली जा रही है।

रहवासियों को दी विकास कार्यों की सौगात

विकास कार्यों के क्रम में 35.60 लाख की लागत से भोलेनाथ कॉलोनी में अमित पालीवाल के निवास के पास भूमिपूजन, 10.30 लाख की लागत से धर्मराज कॉलोनी में शनि मंदिर वाली सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन, 25 लाख की लागत से हुकुमचंद कॉलोनी में सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण, 35.78 लाख की लागत से पंचकुईया गोशाला का लोकार्पण और 45.20 लाख की लागत से रामनगर में संजीवनी क्लीनिक का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर रहवासियों की मांग पर भोलेनाथ कॉलोनी और धर्मराज कॉलोनी में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए बोरवेल कर पाइप लाइन डालने के निर्देश दिए।

जनसंवाद कि प्रक्रिया में भोलेनाथ कॉलोनी में अनिल मालवीय जी के घर के पास, धर्मराज कॉलोनी में, गोविंद गौतम जी के निवास वाली गली में, माता मंदिर वाली गली में शैलेन्द्र कहार जी के निवास के पास, हुकुमचंद कॉलोनी में उमेश वर्मा जी के निवास वाली गली में, सालवी मोहल्ला में बंटी सालवी जी के निवास के पास, इंदिरा नगर में राजेश मालवीय जी के निवास के पास एवं रामनगर में शिव मंदिर पर रहवासियों के साथ जनसंवाद किया। वार्ड में पहुंचने पर आकाश विजयवर्गीय का कई स्थानों पर क्षेत्रवासियों से हार-फूल, ढोल एवं आतिशबाजी से भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ पार्षद संध्या यादव, मंडल अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगर निगम, विद्युत विभाग के कर्मचारी एवं अधिकारी और पुलिस दल मौजूद था।

Exit mobile version