मध्य प्रदेश विधानसभा से समान नागरिक संहिता विधेयक-2026 पारित होने पर इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इसे प्रदेश के इतिहास का एक ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय बताया है। इस ऐतिहासिक फैसले पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को बधाई देते हुए कहा कहा कि यह कानून समानता, सामाजिक न्याय और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यूसीसी लागू होने से सभी नागरिकों के लिए एक समान कानूनी व्यवस्था सुनिश्चित होगी। इससे महिलाओं को उत्तराधिकार, पारिवारिक अधिकारों और अन्य कानूनी मामलों में पुरुषों के समान अधिकार प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि यह निर्णय संविधान की समानता की भावना को और अधिक मजबूत करेगा तथा समाज में न्यायपूर्ण व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि विधेयक के अनुसार एक से अधिक विवाह को अपराध माना जाएगा तथा दत्तक ग्रहण सहित पारिवारिक मामलों से जुड़े प्रावधान सभी नागरिकों पर समान रूप से लागू होंगे। इससे महिलाओं के अधिकारों को और अधिक संरक्षण मिलेगा।
महापौर ने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा द्वारा यूसीसी विधेयक-2026 पारित किया जाना प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। अब यह विधेयक राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा और मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश में कानून के रूप में लागू होगा।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड, गुजरात और असम के बाद मध्य प्रदेश विधानसभा से समान नागरिक संहिता विधेयक पारित करने वाला देश का चौथा राज्य बन गया है।
