युवक ने पीछा कर पकड़ाई 1.88 करोड़ की अवैध शराब

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

दो मिनी ट्रक में इंदौर से गुजरात के लिए भेजी जा रही 1 करोड़ 88 लाख रुपए से ज्यादा की शराब सादलपुर पुलिस ने पकड़ी है। एक ही नंबर के दो मिनी ट्रक बिना परमिट के गुजरात रवाना किए थे। पुलिस का कहना है ड्राइवर अलग-अलग बयान देकर गुमराह कर रहे हैं। जांच बाद खुलासा होगा। सादलपुर टीआई सविता चौधरी ने बताया, सोमवार शाम दो मिनी ट्रक एमपी 41 जीए 1571 और एमपी 09 एएम 1571 में अवैध शराब मिली है। अहमदाबाद हाईवे पर कलसाड़ा फाटा के पास ढाबे पर दोनों ट्रक के चालक खाना खाने रुके थे। तभी पुलिस को इंदौर से एक युवक द्वारा दोनों ट्रकों पर एक ही नंबर होने की सूचना मिली थी। जब ढाबे पर जाकर दबिश दी और दोनों ट्रकों के चालक कुंवरसिंह मंडलोई निवासी धार और जितेंद्र पिपलाज ग्राम सेंदला को पकड़ा। ट्रक की तलाशी में 1525 शराब की पेटियां मिलीं। इसकी कीमत 1 करोड़ 66 लाख 32 हजार रुपए व दोनों ट्रकों कीमत 22 लाख आंकी गई। इस तरह 1 करोड़ 88 लाख 32 हजार के माल की जब्ती हुई। पुलिस ने कारोबारी का नाम उजागर नहीं किया है।
ट्रक का कट लगने पर ड्राइवर से हुआ था विवाद, युवक ने पुलिस को दी सूचना
इस अवैध शराब के पकड़ाने के पीछे मामूली सा विवाद होना पता चला है। सूत्रों के अनुसार, सोमवार को दोनों मिनी ट्रक शराब लेकर निकले तो नेमावर रोड पर इंदौर के एक युवक को ड्राइवर ने कट मारा। बाइक चालक गिर गया। युवक का ड्राइवर से विवाद हुआ। युवक ने ड्राइवर को चांटा मार दिया तो वह ट्रक भागने लगा। युवक ने उसका पीछा किया तो पाया एक ही नंबर के दो ट्रक एक ही दिशा में जा रहे हैं। उसे शंका हुई। उसने सादलपुर तक दोनों ट्रकों का पीछा किया। जैसे ही ढाबे पर दोनों ड्राइ‌वर रुके तो उसने सादलपुर पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस को शराब का जखीरा मिल गया।

Exit mobile version