मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अंतर्गत पंजीकृत असंगठित श्रमिकों की ई-केवाईसी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। संबल बोर्ड की चतुर्थ बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार जिन श्रमिकों की ई-केवाईसी अभी तक शेष है, उन्हें आगामी एक माह के भीतर यह प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूर्ण करानी होगी।
श्रम विभाग द्वारा जारी निर्देशों के तहत 13 जून 2026 तक सभी संबंधित श्रमिकों से संपर्क स्थापित कर उनकी ई-केवाईसी पूर्ण कराने की कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शेष हितग्राहियों की जानकारी मंडल के आधिकारिक पोर्टल पर जिला एवं निकाय स्तर के लॉगिन पर उपलब्ध कराई गई है, साथ ही यह जानकारी सार्वजनिक डोमेन में भी प्रदर्शित है।
विभाग ने सभी पात्र श्रमिकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ई-केवाईसी कराने की अपील की है। निर्धारित तिथि 13 जून 2026 के बाद जिन हितग्राहियों द्वारा ई-केवाईसी नहीं कराई जाएगी, उनके संबल पंजीयन को नियमानुसार निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
श्रम विभाग ने जिला एवं निकाय स्तर के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे शेष हितग्राहियों से संपर्क कर ई-केवाईसी प्रक्रिया समय पर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि पात्र श्रमिकों को योजना के लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त होते रहें।
