मंत्री सिलावट ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक ली, जन अभियान बनाने के दिए निर्देशइंदौर जिले का जल स्तर बढ़ाने के लिए सभी को एकजुट होकर पूर्ण प्रयास करना होगा – मंत्री श्री सिलावट

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने गुरूवार को जिला पंचायत कार्यालय इंदौर के सभाकक्ष में जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को अभियान को प्रभावी रूप से क्रियान्वित कर जन अभियान बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में सांसद श्री शंकर लालवानी, विधायक विधानसभा महू सुश्री उषा ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री रीना सतीश मालवीय, श्री श्रवण सिंह चावड़ा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री विश्वजीत सिंह सिसोदिया, समस्त जिला पंचायत सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत इंदौर श्री सिद्धार्थ जैन द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान की रूपरेखा, वर्तमान तक किए गए कार्यों एवं आगामी कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतिकरण जनप्रतिनिधियों के समक्ष किया गया।
मंत्री श्री सिलावट ने समीक्षा बैठक में गंभीर नदी के पुनर्जीवन हेतु विस्तृत कार्ययोजना पर विशेष रूप से चर्चा की गई। साथ ही जिले में स्थित समस्त बावड़ियों के जीर्णोद्धार एवं संरक्षण के संबंध में भी विचार-विमर्श कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में जल संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर जोर दिया गया। जन अभियान बनाने हेतु स्कूल कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षाविद, डॉक्टर्स, वकील, समाजसेवी, संस्था प्रमुख, साधु संत, समाज प्रमुख, शहर के वरिष्ठ जनों का सहयोग लेने हेतु निर्देश दिए।
बैठक के अंत में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे आपसी समन्वय के साथ अभियान के लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए जल संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाएं।

Exit mobile version