
भोपाल के आदमपुर छावनी स्थित नगर निगम की कचरा डंपिंग साइट पर सोमवार को अचानक आग लग गई।
कचरा खंती में अचानक आग, 20 फीट तक उठीं लपटें
काला धुआं 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया
15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
भोपाल। भोपाल के आदमपुर छावनी स्थित नगर निगम की कचरा डंपिंग साइट पर सोमवार को अचानक आग लग गई। दोपहर करीब चार बजे लगी आग की लपटें करीब 20 फीट तक उठने लगीं, जबकि काला धुआं लगभग 10 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
आरडीएफ के ढेर से शुरू हुई आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग डंपिंग साइट के मुख्य गेट के पास रखे आरडीएफ (रिड्यूस डिराइव्ड फ्यूल) के ढेर से शुरू हुई। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से कचरे के अन्य हिस्सों में फैलने लगी। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने कचरा हटाकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
हर साल गर्मियों में होती हैं आग की घटनाएं
आदमपुर खंती में इस समय करीब 650 लाख टन कचरा जमा है। गर्मियों के मौसम में यहां आग लगने की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। कचरे के ढेर में मौजूद ज्वलनशील पदार्थ और उससे निकलने वाली मीथेन गैस के कारण छोटी चिंगारी भी बड़ी आग का रूप ले सकती है।
आसपास के गांवों पर असर
इस आग से उठे जहरीले धुएं का असर आसपास के सात से अधिक गांवों की करीब 12 हजार आबादी पर पड़ा। पर्यावरणीय प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। सालिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों के उल्लंघन के मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) पहले ही नगर निगम पर 1.80 करोड़ रुपये का जुर्माना लगा चुका है, जिसका मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।
फायर ऑफिसर सौरभ पटेल ने बताया कि कचरे में मौजूद ग्लास, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के साथ-साथ मीथेन गैस के दबाव और गर्मी के कारण आग लगने की संभावना रहती है। दमकल की चार गाड़ियों की मदद से आग पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया।
