बंगाल की जीत देश की सुरक्षा की जीत”, कैलाश विजयवर्गीय भावुक

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

हिंसा, भ्रष्ट तंत्र और चुनावी गड़बड़ियों पर उठाए सवाल; बोले—निष्पक्ष मतदान ने बदली तस्वीर!

इंदौर। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बंगाल चुनाव परिणामों को देश की आंतरिक सुरक्षा से जोड़ते हुए बड़ा बयान दिया। प्रेस वार्ता के दौरान वे भावुक नजर आए और कहा कि “बंगाल की जीत केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा की जीत है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में लंबे समय से भय और असुरक्षा का माहौल था, जहां आम नागरिक सुरक्षित महसूस नहीं करते थे। विजयवर्गीय ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन पर पत्थर और बम से हमले किए गए, यहां तक कि कई बार जान का खतरा भी महसूस हुआ।

उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन पर लगाए गए गंभीर आरोप निराधार हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीते तीन दशकों में सीबीआई और सुरक्षा एजेंसियों को स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने दिया गया। वहीं इस बार निष्पक्ष चुनाव संभव हो पाया, जिससे वास्तविक जनमत सामने आया। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों को इसका श्रेय दिया।
विजयवर्गीय ने कहा कि बंगाल में महिलाओं के सम्मान और विकास की अनदेखी हुई, जिसका जवाब जनता ने मतदान के जरिए दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सीमावर्ती राज्यों में मजबूत सरकार देश की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
प्रेस वार्ता में उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हार के बाद अब चुनाव आयोग और ईवीएम पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

- Advertisement -
Exit mobile version