नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, दोस्त पर पॉक्सो में केस दर्ज:एक साल से दोस्ती थी, काउंसलिंग के बाद बोली- कई बार रेप किया

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में 14 साल की छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसके दोस्त कपिल यादव के खिलाफ POCSO एक्ट सहित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
मामला तब सामने आया जब चाइल्ड लाइन की सदस्य पीड़िता और उसकी मां को लेकर थाने पहुंची। मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया।
घर से निकलने पर हुआ शक, 1 साल से जान-पहचान
पीड़िता अपनी मां के साथ रहती है। माता-पिता का तलाक हो चुका है। 22 मार्च को छात्रा घर से बिना बताए चली गई थी। मां ने पूछताछ की, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। बाद में 28 मार्च को फिर घर से निकलने पर मां को उस पर शक हुआ।
सख्ती से पूछताछ करने पर छात्रा ने बताया कि वह कपिल को करीब एक साल से जानती है और उससे मिलने कुंदन नगर जाती थी। वहीं आरोपी ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया।
धमकी के कारण चुप रही पीड़िता, काउंसलिंग के बाद खुला मामला
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे धमकाया था, जिसके डर से वह किसी को कुछ नहीं बता पाई। मां ने चाइल्ड लाइन से संपर्क किया। काउंसलिंग और महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पूछताछ के बाद पूरा मामला सामने आया।
पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version