देवास नाका फ्लाईओवर निर्माण में बाधा बने अतिक्रमण हटाए गए

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

इंदौर के देवास नाका फ्लाईओवर निर्माण में बाधक बने अतिक्रमण को आज जिला प्रशासन, इन्दौर नगर निगम तथा मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के संयुक्त सहयोग से हटाया गया। मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के संभाग इन्दौर अंतर्गत देवास नाका चौराहे पर 6 लेन फ्लाईओवर निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस परियोजना के तहत देवास नाका चौराहे से मांगलिया की ओर बाईं तरफ स्थित लगभग 30 से 35 दुकानों के अतिक्रमण के कारण फ्लाईओवर एवं सर्विस रोड निर्माण कार्य बाधित हो रहा था।


इस संबंध में संबंधित दुकानदारों द्वारा मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की गई थी। उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन इन्दौर को दुकानदारों द्वारा प्रस्तुत आपत्तियों का परीक्षण एवं निराकरण कर नियमानुसार कार्रवाई किया जाना था।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा द्वारा आवेदकों की आपत्तियों का नियमानुसार निराकरण किया गया। इसके बाद अधिकांश दुकानदारों ने स्वयं अपने अतिक्रमण हटा लिए, जबकि शेष अतिक्रमण को आज 22 जून को जिला प्रशासन, इन्दौर नगर निगम तथा मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के संयुक्त सहयोग से हटाया गया। अतिक्रमण हटने से अब फ्लाईओवर एवं सर्विस रोड निर्माण कार्य में तेजी आएगी और इसे शीघ्र पूर्ण कर यातायात सुगम बनाया जा सकेगा।

Exit mobile version