तिलक नगर में मवेशियों से भरी गाड़ी पकड़ी:हिंदूवादियो ने रोका, हंगामे के बाद पुलिस पहुंची, तीन के खिलाफ एफआईआर

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के तिलक नगर इलाके में बुधवार को मवेशियों से भरी एक लोडिंग गाड़ी को रोककर तीन लोगों को पुलिस के हवाले किया गया। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि एक लोडिंग वाहन में अवैध रूप से मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा है।
इसके बाद उन्होंने वाहन का पीछा कर उसे रोका। जांच करने पर गाड़ी के अंदर बड़ी संख्या में मवेशी भरे मिले।
गाड़ी रोकने के बाद ड्राइवर और उसके साथियों से मवेशियों के परिवहन से जुड़े दस्तावेज और बिल मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद तीनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मेडिकल और बिल भी नहीं मिला, तीन पर केस दर्ज
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता वीरेन्द्र सक्सेना की सूचना पर पवन (निवासी बड़ी ग्वालटोली), राज (निवासी कनाड़िया) और चेतन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि ये तीनों गाड़ी में अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन कर रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के पास मवेशियों का कोई वैध बिल या मेडिकल दस्तावेज नहीं मिला। पूछताछ में भी वे स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए।
कार्रवाई के बाद सभी मवेशियों को नगर निगम के कांजी हाउस (कोदवाड़ा विभाग) को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version