जानलेवा पिकनिक:लोधिया कुंड-चोरल में दो युवक डूबे, मौत; सहस्त्रधारा में भी युवक बहा

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

पिकनिक मनाने गए इंदौर के तीन युवक रविवार को हादसे का शिकार हो गए। महू के चोरल डैम और लोधियाकुंड में डूबे दो युवकों के शव मिल गए हैं। महेश्वर के सहस्त्रधारा में डूबा युवक लापता है।
सिमरोल टीआई कुलदीप खत्री के अनुसार, राजेंद्र नगर पुलिस लाइन निवासी उदय वीर चौहान (17) रविवार दोपहर दोस्तों के साथ लोधिया कुंड आया था। नहाने के दौरान वह डूब गया। ग्रामीणों ने शव बाहर निकाला। उधर, संगम नगर, इंदौर निवासी ताहिर (15), पिता जफर मंसूरी, परिवार के साथ चोरल डैम घूमने गया था। नहाते समय वह करीब 15 फीट गहरी खोह में चला गया। बाद में पुलिस ने शव निकाला।
सहस्त्रधारा में अर्पित की तलाश पुलिस के अनुसार अर्पित (30), पिता अमर सिंह हाड़ा, निवासी निपानिया, परिवार के साथ महेश्वर घूमने गया था। उसके साथ पत्नी, तीन वर्षीय बेटा, मित्र और उसकी पत्नी भी थे। सहस्त्रधारा में नहाने के दौरान वह तेज बहाव में बह गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।

Exit mobile version