जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट के प्रयासों से सांवेर को मिली बड़ी सौगात

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

सांवेर विधानसभा क्षेत्र में 1.35 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे 12 आंगनवाड़ी भवन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री भूरिया का माना आभार

जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट के प्रयासों से सांवेर विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। सांवेर विधानसभा क्षेत्र में छोटे बच्चों, किशोरियों एवं गर्भवती महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा संबंधी सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 1 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से 12 आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा दी गई इस स्वीकृति से सांवेर क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि आंगनवाड़ी केन्द्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के साथ ही किशोर युवतियों, गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय वार्डों में 1 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से इन 12 आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने बताया कि इन आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण हो जाने से छोटे बच्चों की पोषण एवं शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं की आसानी से पूर्ति होगी। साथ ही महिलाओं एवं शिशुओं को शासन की विभिन्न योजनाओं का बेहतर लाभ भी मिल सकेगा।
बताया गया कि शहर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 35 में भानगढ़ कांकड़, लसूडिया मोरी न्यू ग्राम, संत रविदास नगर, पंचवटी कांकड़, वार्ड क्रमांक 36 की मायाखेड़ी, वार्ड क्रमांक 76 में टिगरियाराव कनाडिया एवं कनाडिया हरिजन बस्ती सहित ग्रामीण क्षेत्र की ग्राम पंचायत कम्पेल, खुडैल बुजुर्ग, बुरानाखेड़ी एवं पंचोला में आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण पर लगभग 11 लाख 22 हजार रुपये की लागत आएगी।

Exit mobile version