चाकू दिखाकर इंजीनियर से लूट की कोशिश, CCTV:बदमाशों ने आवाज देकर रोका, चाकू देख एक्टिवा छोड़ भागा इंजीनियर, घर के बाहर ही वारदात

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के हीरानगर इलाके में एक इंजीनियर को लूटने की कोशिश का मामला सामने आया है। बदमाशों ने चाकू निकालकर युवक को धमकाया, लेकिन वह एक्टिवा छोड़कर मौके से भाग निकला। पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
घटना हीरानगर के कारसदेव नगर क्षेत्र की बताई जा रही है। यहां रहने वाले शिवम चतुर्वेदी एक दवा कंपनी में इंजीनियर हैं। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे वे अपनी एक्टिवा से पोलोग्राउंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खड़े बदमाशों ने उन्हें रुकने का इशारा किया।
शिवम जैसे ही रुके, बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने चाकू निकाल लिया। खतरा भांपते ही शिवम एक्टिवा छोड़कर सड़क पर दौड़ पड़े और अपनी जान बचाई। इस बीच बदमाश उनकी एक्टिवा लेकर भाग निकले।
कुछ देर बाद बदमाश फिर बाइक लेकर मौके पर लौटे, लेकिन तब तक शिवम गली के रास्ते अपने घर की ओर भाग चुके थे। घर पहुंचकर उन्होंने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी।
परिजनों के मुताबिक शिवम की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। घटना के समय उनके पास मोबाइल और गले में सोने की चेन भी थी, जिसे बदमाश लूटने की फिराक में थे।
शिवम के घर और आसपास लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। गुरुवार रात उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Exit mobile version