खजराना चाकूबाजी का घायल युवक नहीं बच सका:इलाज के दौरान 12वें दिन मौत, आरोपी पर अब हत्या का केस; चाकू से किए थे तीन वार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र के तंजीम नगर में 25 जून को हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। मौत के बाद पुलिस अब आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की जगह हत्या की धारा जोड़कर कार्रवाई करेगी।
खजराना थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि चाकूबाजी में घायल शानू उर्फ शहनवाज ठेकेदार का मंगलवार को बॉम्बे अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। घटना के बाद पुलिस ने 26 जून को मुख्य आरोपी आरिफ बरकाती को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में जेल में है।
टीआई ने बताया कि पहले आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन अब घायल की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आपसी कहासुनी के बाद हुआ था हमला
पुलिस के अनुसार शानू ठेकेदार और आरिफ बरकाती के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर आरिफ घर से छुरा लेकर आया और शानू पर लगातार तीन से अधिक वार कर दिए। हमले में शानू के पेट में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सीसीटीवी में कैद हुई थी वारदात
पुलिस के मुताबिक पूरी घटना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थी। घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने उसका जुलूस भी निकाला था। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में हत्या की धाराओं के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version