जिले में अब तक कुल 22 हजार 657 किशोरियों का किया गया टीकाकरण
इंदौर जिले में किशोरियों में एचपीवी वायरस को रोकने के लिए एचपीवी टीकाकरण का कार्य तेजी से जारी है। जिले में आज दिनांक तक एच.पी.वी. टीकाकरण अभियान के कुल 22 हजार 657 टीका लगाए जा चुके हैं, जो कि कुल लक्ष्य का 69 प्रतिशत के लगभग है। टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में निजी तथा शासकीय महाविद्यालयों में स्वास्थ्य विभाग के दल द्वारा किशोरियों का उन्मुखीकरण, परामर्श एवं सत्रों का संचालन सतत किया जा रहा है। इसके सुखद परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि मार्च माह तक विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं होने से अभियान की गति धीमी रही, किन्तु अब नियमित सत्रों के दौरान हमारे अभियान को व्यापक समर्थन मिल रहा है। जिला प्रशासन, निजी तथा शासकीय विद्यालयों का सहयोग भी सतत प्राप्त हो रहा है, अभिभावक भी इस अभियान से जुड़ रहे हैं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. तरुण गुप्ता ने बताया कि जिले की टीम भी सतत मैदान में सक्रिय है और स्कूल प्रबंधन तथा बच्चों, अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान हर स्तर पर कर रही है, विद्यालयों में प्रस्तुतीकरण दे रही है और आशा है कि हम सबके समन्वित प्रयासों से अतिशीघ्र लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे।
शहरी एवं ग्रामीण विकासखंडों में भी टीकाकरण सत्रों का अवलोकन और सुपरविजिन क्षेत्र के विभिन्न अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। आज दिनांक तक कुल 22 हजार 657 टीके लगाए जा चुके हैं, जो इस अभियान की गति को दर्शाता है।
