सेवाओं को बनाया जा रहा अधिक प्रभावी, वरिष्ठ अधिकारियों की रहेगी हेल्प डेस्क पर निगरानी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप आमजन को समयबद्ध, सरल एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बना रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क, नकल शाखा एवं लोक सेवा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कलेक्टर कार्यालय में आने वाले प्रत्येक आवेदक को त्वरित मार्गदर्शन एवं समय पर समाधान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से भटकना या परेशान नहीं होना पड़े। इसी उद्देश्य से हेल्प डेस्क की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, जिससे नागरिकों को जनसुनवाई तक की प्रतिक्षा न करना पड़े व त्वरित समस्या का निराकरण किया जा सकें। कलेक्टर श्री वर्मा ने बताया कि हेल्प डेस्क पर वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाएगी। इससे प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित होगी तथा नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया जा सकेगा।
उन्होंने लोक सेवा केंद्र की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी सेवाएं अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और नागरिक हितैषी तरीके से संचालित हों, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा विकसित चैटबॉट का अधिकाधिक उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि चैटबॉट के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं जानकारियों का लाभ घर बैठे ही आसानी से उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने नकल शाखा का निरीक्षण कर राजस्व अभिलेखों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की नकल निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नकल शाखा की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा रहा है, ताकि नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज बिना विलंब के प्राप्त हो सकें।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन को सुगम, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है।
