इंदौर में आरटीओ कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। यह धमकी एक संदिग्ध ईमेल के जरिए दी गई थी, जिसे देखकर कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया।
इंदौर RTO कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी
बम निरोधक दस्ते ने घंटों खंगाला कोना-कोना
सर्च ऑपरेशन में फर्जी निकली बम की सूचना
इंदौर। इंदौर में आरटीओ कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। यह धमकी एक संदिग्ध ईमेल के जरिए दी गई थी, जिसे देखकर कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही तेजाजी नगर थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की जांच शुरू की। टीम ने ऑफिस, पार्किंग और आसपास के सभी स्थानों को बारीकी से चेक किया, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
साइनाइड गैस बम के धमाके की चेतावनी
22 मार्च को आरटीओ के सरकारी ईमेल पर एक आउटलुक आईडी से मेल आया था। इसमें सोमवार को साइनाइड गैस बम से धमाके करने की धमकी दी गई थी। साथ ही एक राजनीतिक मामले का जिक्र करते हुए कर्मचारियों को वहां से हटाने की बात भी लिखी गई थी।
आरटीओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि यह मेल रविवार को आया था, लेकिन सोमवार को कार्यालय खुलने पर इसकी जानकारी सामने आई। इसके बाद तुरंत सुरक्षा के लिहाज से पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस और बम स्क्वाड की जांच में कुछ भी नहीं मिला।
