ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने इंदौर मेट्रो रेल परियोजना को विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति करने के लिए 220 के वी सबस्टेशन मांगलिया,इंदौर में 200 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया है।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि चुनौतियों के बावजूद इंदौर जैसे शहर मे यह कार्य मेट्रो परियोजना की आवश्यकताओं के साथ साथ शहर की विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। श्री तोमर ने बताया कि घनी आबादी वाला शहरी क्षेत्र होने के कारण खजराना में अतिरिक्त विद्युत पारेषण अवसंरचना विकसित करना तकनीकी रूप से अत्यंत चुनौतीपूर्ण था।
तकनीकी कौशल से निकाला सबस्टेशन मे उपयुक्त स्थान
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए एमपी ट्रांसको, जबलपुर के प्लानिंग एवं डिजाइन विंग के विशेषज्ञ इंजीनियरों ने अपने तकनीकी कौशल, अनुभव एवं विशेषज्ञता का परिचय देते हुए 220 केवी सबस्टेशन मांगलिया, इंदौर में पावर ट्रांसफार्मर तथा दो फीडरों के लिए उपयुक्त स्थान का चयन किया। इसके परिणामस्वरूप इंदौर शहर से खजराना मेट्रो स्टेशन तक विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना संभव हो सका।
उन्होंने इस कार्य को सफलता पूर्वक पूरा करने के लिए एमपी ट्रांसको को बधाई देते हुए कहा है कि यह एमपी ट्रांसको के इंजीनियर्स की उत्कृष्टता, समर्पण और कौशल के कारण संभव हो पाया।
दो डेडिकेटेड सर्किट के माध्यम से की जायेगी आपूर्ति
एमपी ट्रांसको इंदौर के अधीक्षण अभियंता श्री अनिल लाठी ने बताया कि इंदौर मेट्रो ने खजराना स्थित अपने मेट्रो रेल सबस्टेशन के लिए डिपॉजिट स्कीम के अंतर्गत मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी से विद्युत आपूर्ति की मांग की थी। जिसके लिए मेट्रो इंदौर द्वारा निर्धारित राशि 26.26 करोड रुपये जमा कराने के बाद यह कार्य एम.पी. ट्रांसको के सुपरविजन में कराया गया।इस ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से इंदौर मेट्रो परियोजना के संचालन हेतु महत्वपूर्ण खजराना मेट्रो रेल सबस्टेशन को दो 132 केवी डेडिकेटेड सर्किटों के माध्यम से पर्याप्त एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति प्रदाय हो सकेगी।
इंदौर की ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता में वृद्धि
इस पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना के बाद इंदौर शहर की कुल ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता बढ़कर 4652 एमवीए हो गई है। एमपी ट्रांसको इंदौर में एक 400 केवी सबस्टेशन, पांच 220 केवी सबस्टेशन—साउथ ज़ोन इंदौर, इंदौर ईस्ट (बिचौली), नॉर्थ ज़ोन, जैतपुरा और मांगलिया—तथा 132 केवी सबस्टेशन—सत्यसाई, इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स, निरंजनपुर, राऊखेड़ी, महालक्ष्मी नगर जीआईएस, इंदौर वेस्ट (नवदापंथ), चंबल और राऊ एक्स्ट्रा हाई टेंशन सबस्टेशन—के माध्यम से विद्युत पारेषण करता है। अब कुल क्षमता 4652 एमवीए हो गई है।
