इंदौर में TI ने DCP के साथ आकर मांगी माफी:तब वकीलों ने रोका प्रदर्शन; आजाद नगर में अभद्रता को लेकर थे नाराज

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर में वकील कन्हैयालाल चौहान के साथ आजाद नगर थाने के टीआई और पुलिसकर्मियों की अभद्रता का मामला सामने आया था। घटना रविवार रात की है। इसके बाद वकीलों ने मंगलवार को पुलिस कमिश्नर के नाम डीसीपी कृष्णा लालचंदानी को ज्ञापन सौंपा था। साथ ही दोपहर 2 बजे तक कार्रवाई का समय दिया था।
तय समय तक अधिकारियों की ओर से कोई बातचीत नहीं होने पर वकील रीगल स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। डीसीपी ने आजाद नगर टीआई लोकेश भदौरिया को मौके पर बुला लिया।
टीआई और एसीपी मौके पर पहुंचे। उनकी वकीलों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कराई। इस दौरान टीआई ने कहा कि यदि मुझसे कोई गलती हुई है तो इसके लिए माफी चाहता हूं। इसके बाद मामला शांत हो गया।
बच्चों के झगड़े में वकील को थाने ले गई थी पुलिस
दरअसल, रविवार रात दो नाबालिग लड़कों के बीच विवाद हुआ था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां काफी भीड़ थी। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इसी दौरान वकील कन्हैयालाल चौहान की कुछ पुलिसकर्मियों से कहासुनी हो गई और उन्हें थाने ले जाया गया। बाद में कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें पहचान लिया और उन्हें छोड़ दिया गया।
जब इस घटना की जानकारी अन्य वकीलों को लगी तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए टीआई भदौरिया और संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। बताया गया कि टीआई भदौरिया घटना के काफी देर बाद मौके पर पहुंचे थे। उस समय वकील कन्हैयालाल सादे कपड़ों में थे। वकील होने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

Exit mobile version