बदमाशों ने शेयरिंग ऑटो रिक्शा से वृद्धा की सोने की चूड़ियां चुरा लीं। रावजी बाजार पुलिस ने केस दर्ज किया है। शहर में शेयरिंग ऑटो में यह चौथी वारदात है। इससे पहले अन्नपूर्णा और मल्हारगंज थाने में भी ऐसे केस दर्ज हो चुके हैं। पुलिस के अनुसार वारदात होल्कर अपार्टमेंट…
इंदौर। बदमाशों ने शेयरिंग ऑटो रिक्शा से वृद्धा की सोने की चूड़ियां चुरा लीं। रावजी बाजार पुलिस ने केस दर्ज किया है। शहर में शेयरिंग ऑटो में यह चौथी वारदात है। इससे पहले अन्नपूर्णा और मल्हारगंज थाने में भी ऐसे केस दर्ज हो चुके हैं। पुलिस के अनुसार वारदात होल्कर अपार्टमेंट, माणिकबाग रोड निवासी 70 वर्षीय साधना भालचंद्र पंडित के साथ साउथ तोड़ा स्थित नया रोड पर हुई है।
रानीपुरा से खरीदारी कर लौट रही थीं वृद्धा
वृद्धा रानीपुरा में प्लास्टिक का सामान खरीदने आई थीं। वे शेयरिंग रिक्शा से घर के लिए बैठी थीं। ऑटो में चालक की सीट पर एक युवक बैठा था। रास्ते में चालक ने कहा कि आगे पुलिस चेकिंग कर रही है। उसने युवक को पीछे की सीट पर भेज दिया। पीछे एक युवक और महिला पहले से ही बैठी थी।
चेकिंग का बहाना और शातिर तरीके से चोरी
कुछ दूर जाने पर चालक ने वृद्धा को नीचे उतार दिया। उसने कहा कि पीछे बैठी महिला को घर छोड़ना है। चालक के जाने पर पता चला कि हाथ में पहनी दो चूड़ियां गायब हैं। रावजी बाजार पुलिस ने सोमवार को केस दर्ज कर लिया। शहर में लगातार हो रही इन वारदातों ने पुलिस गश्त और ऑटो रिक्शा में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
