खंडवा रोड इलाके में देर रात से अलसुबह तक दो अलग-अलग जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। खंडवा रोड स्थित मैरिज गार्डन में बारात के दौरान आतिशबाजी से आग लगी, जबकि दूसरी घटना में गोशाला में भीषण आग भड़क गई।
पहली घटना पिपल्याराव स्थित राधा कृष्ण गार्डन की है। यहां रात करीब 11:30 बजे बारात के दौरान की गई आतिशबाजी से बाहर लगी झाड़ियां और टेंट में आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि मौजूद लोगों ने तुरंत प्रयास कर आग पर काबू पा लिया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
दूसरी घटना अलसुबह करीब 4:24 बजे अयोध्यापुरी में शांति फार्म हाउस के पास स्थित एक गोशाला में हुई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब 25 हजार लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग बुझाने में लगभग 2 घंटे का समय लगा।
दमकल कर्मियों के मुताबिक आग के दौरान गोशाला में कुछ मवेशी फंसे हुए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि इस दौरान दो मवेशी झुलस गए। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
