मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 83.13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अस्पताल भवन का किया लोकार्पण
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, एयरपोर्ट लिंक रोड और समान नागरिक संहिता पर की महत्वपूर्ण घोषणाएँ
प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 52 तक पहुँचाने का लक्ष्य, मेधावी विद्यार्थियों की मेडिकल शिक्षा का खर्च उठाएगी सरकार
उच्च गुणवत्ता वाले निर्माण की सराहना, अस्पताल को बताया सेवा और सुशासन का नया स्वास्थ्य मंदिर
अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित अस्पताल से इंदौर सहित आसपास के जिलों को मिलेगा ला
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य अधोसंरचना का निरंतर विस्तार करते हुए प्रदेश को चिकित्सा शिक्षा और उपचार के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित किया जा रहा है। आधुनिक अस्पतालों का निर्माण जनसेवा और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को इंदौरवासियों को स्वास्थ्य क्षेत्र की एक बड़ी सौगात देते हुए मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा लगभग 83.13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 300 बिस्तरीय अत्याधुनिक जिला अस्पताल भवन का लोकार्पण किया। धार रोड स्थित लगभग 3.40 एकड़ भूमि पर निर्मित यह जी+4 मंजिला अस्पताल भवन लगभग दो लाख वर्गफीट क्षेत्रफल में विकसित किया गया है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित यह अस्पताल इंदौर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों को भी बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन से हुआ। लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का जनप्रतिनिधियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बदलते भारत की नई पहचान हर क्षेत्र में दिखाई दे रही है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में अभूतपूर्व विकास किया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी आम नागरिकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 तक मध्यप्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज और लगभग 500 मेडिकल सीटें थीं, जबकि आज प्रदेश में 33 मेडिकल कॉलेज एवं साढ़े पाँच हजार से अधिक मेडिकल सीटें उपलब्ध हैं। आगामी ढाई वर्षों में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाकर 52 करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का ऐसा अग्रणी राज्य है, जहाँ नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शासकीय मेडिकल कॉलेज में प्रवेश न मिलने की स्थिति में निजी मेडिकल कॉलेज अथवा समकक्ष संस्थान में अध्ययन के लिए भी राज्य सरकार शिक्षण शुल्क उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि एक डॉक्टर का निर्माण केवल एक विद्यार्थी का भविष्य नहीं, बल्कि पूरे समाज की सेवा का आधार होता है।
*इंदौर के लिए नया ‘स्वास्थ्य मंदिर’*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवनिर्मित जिला अस्पताल को इंदौर के लिए “सेवा और सुशासन का नया स्वास्थ्य मंदिर” बताते हुए कहा कि माता अहिल्याबाई होल्कर की नगरी में यह अस्पताल नागरिकों को आधुनिक एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की विशेष सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार भवन निर्माण में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और यह अस्पताल उसका उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अस्पताल वर्तमान एवं भविष्य की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा एम.वाय. अस्पताल के बाद इंदौर की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा।
*अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित अस्पताल*
चार मंजिला आधुनिक अस्पताल भवन में मरीजों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा एवं डायग्नोस्टिक सुविधाएँ विकसित की गई हैं। अस्पताल में ओपीडी के साथ-साथ मेडिसिन एवं सर्जिकल विभाग , गायनिक वार्ड एवं ऑपरेशन थिएटर, पीडियाट्रिक क्षेत्र, डायलिसिस यूनिट, आधुनिक नर्सिंग कॉल सिस्टम, पैथोलॉजी लैब, डिजिटल एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई एवं सोनोग्राफी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। वर्तमान में गायनिक सेवाएँ, एमआरआई, सीटी स्कैन तथा एक्स-रे सेवाएँ प्रारंभ भी हो चुकी हैं।
*इंदौर के समग्र विकास के लिए नई घोषणाएँ*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ करते हुए चंदन नगर से देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट तक नए सड़क मार्ग के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि इससे शहर के यातायात को नई दिशा मिलेगी और एयरपोर्ट तक आवागमन अधिक सुगम होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर से अबूधाबी के लिए नई उड़ान सेवा प्रारंभ होना प्रदेश में विमानन सुविधाओं के विस्तार और इंदौर की बढ़ती वैश्विक पहचान का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के प्रत्येक क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
*विधानसभा के वर्षाकालीन सत्र में यूसीसी की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा मंव व्यापक जनसंवाद किया गया है। विशेष समिति के गठन के बाद प्रदेश के सभी 55 जिलों से 10 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं। सभी राजनीतिक दलों, विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श किया गया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के आगामी वर्षाकालीन सत्र में आवश्यक विधायी प्रक्रिया पूरी कर प्रदेश में यूसीसी लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों के लिए समान कानून और समान अधिकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे।
*किसानों और युवाओं के हित में सरकार प्रतिबद्ध*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों के हित में अनेक नवाचार किए जा रहे हैं। वहीं युवाओं के लिए हाल ही में आयोजित टेक ग्रोथ सत्र जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार, नवाचार और तकनीकी विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं समाज के प्रत्येक वर्ग का समग्र विकास सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम को नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, इंदौर के महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव और विधायक श्रीमती मालिनी गौड़ ने भी संबोधित किया। समारोह में सांसद श्री शंकर लालवानी, विधायक श्रीमती मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, श्रीमती कविता पाटीदार, डॉ. महेंद्र हार्डिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष श्री ओम जैन भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान तथा सिविल सर्जन द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने उद्बोधन में अस्पताल भवन के उच्च गुणवत्ता वाले निर्माण एवं भव्य स्वरूप की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह आधुनिक स्वास्थ्य संस्थान इंदौर सहित पूरे मालवा-निमाड़ क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
