इंदौर के युवक का शव ओंकारेश्वर में मिला: हाथ-पैर बंधे थे, नर्मदा जयंती से था लापता; पुलिस से मुखबिरी करने का संदेह

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर से नर्मदा जयंती के दिन दोस्तों के साथ ओंकारेश्वर गया एक युवक शुक्रवार देर शाम नर्मदा नदी में मृत अवस्था में मिला। बताया जा रहा है कि उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। पुलिस ने इस मामले को हत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
तिलक नगर थाना क्षेत्र के पिपल्याहाना निवासी मनीष भट्ट का शव शुक्रवार को ओंकारेश्वर में मिला। वह नर्मदा जयंती के अवसर पर दोस्तों के साथ स्नान करने गया था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।
परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर दोस्तों ने किसी भी प्रकार की जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिवारजन उसकी तलाश में जुटे थे। हालांकि, वह किन दोस्तों के साथ ओंकारेश्वर गया था, इसकी स्पष्ट जानकारी अब तक सामने नहीं आ पाई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस मुखबिरी का संदेह
मनीष भट्ट इंदौर के कई पुलिसकर्मियों के संपर्क में था। जानकारी के अनुसार वह पुलिस के लिए मुखबिरी का काम करता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से उसकी हत्या की गई हो। उसे मुखबिर होने के शक में मौत के घाट उतारने की बात सामने आ रही है। हालांकि, मंधाता थाना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version