तेज रफ्तार थार कार सामने से आ रही बस में जा घुसी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेजाजी नगर पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शुभम (24) पुत्र अंकित कक्कर, निवासी नागदा के रूप में हुई है। हादसे में थार में सवार प्रियांशु पुत्र मनोहर मेहर, निवासी नंदानगर और उसकी साथी आयुषी पुत्री राकेश घोष, निवासी मंगलनगर सुखलिया गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक और युवती 31 दिसंबर की पार्टी मनाकर लौट रहे थे। शुभम इंदौर में प्री-एग्जाम देने आया था और परिचित प्रियांशु के कहने पर उसके साथ रुक गया था।
शव छोड़कर फरार हुआ युवक
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद सावलिया नाम का युवक घायलों और मृतक को अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
कार से मिली शराब की बोतलें
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। थार कार की तलाशी में शराब की बोतलें और खाने-पीने का सामान बरामद हुआ है। बस में यात्री सवार थे, हालांकि किसी को चोट नहीं आई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
