सीए के घर 25 लाख की चोरी, 40 घंटे चक्कर काटे, रिपोर्ट नहीं लिखी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

एक कॉल पर तुरंत पहुंचने और किसी भी घटना में 10 से 15 मिनट के रिस्पांस टाइम के दावे करने वाली इंदौर पुलिस का दूसरा पहलू भी सामने आया है। एरोड्रम क्षेत्र के कालानी नगर में सीए यश मंगल के यहां 25 लाख की चोरी हुई। फरियादी थाने पहुंचे, लेकिन 40 घंटे तक एफआईआर दर्ज नहीं की।
यश ने बताया, चोरी की शिकायत दर्ज कराने एक दर्जन चक्कर काटने पड़े तब जाकर बीट के जवान घटना स्थल पर गए। डॉग स्क्वॉड व फिंगर प्रिंट की टीम 30 घंटे बाद पहुंची तो बोले अब क्राइम सीन ही नहीं बचा। वहीं सोमवार रात तक पीड़ित परिवार एफआईआर के लिए इंतजार में ही बैठा रहा। यश मंगल के भाई नीतीश मंगल ने बताया, शनिवार सुबह ताला लगाकर भाई भोपाल में दोस्त की सगाई में शामिल होने परिवार सहित गए थे। रात 9 बजे लौटे तो चोरी का पता चला।
आश्वासन देते रहे एसआई
फरियादी ने बताया, रविवार रात 9.15 बजे एरोड्रम थाने पर आवेदन दिया था। रात 11.5 बजे थाने की 112 एफआरवी के जवान कहीं से आए और बाहर से देखकर चले गए। सोमवार सुबह 9 बजे फिर एफआईआर के लिए निवेदन किया तो एसआई विकास शर्मा आश्वासन देते रहे कि हमारी गश्त थी। आप धीरज रखें, एफआईआर दर्ज हो जाएगी।
कई लोगों से थाने फोन लगवाए
एक दर्जन कॉल किए, थाने के चक्कर काटे तब जाकर बीट के जवान आए और घटनास्थल देखकर, चाय-नाश्ता करके चले गए। चोरी के 30 घंटे बाद डॉग स्क्वॉड और फिंगर प्रिंट्स वाले आए। बोले, अब क्राइम सीन नहीं बचा है, फिर वे भी लौट गए। सोमवार रात तक कई लोगों से फोन लगवाए तब जाकर पुलिस हरकत में आई और सोमवार रात परिवार को एफआईआर के लिए थाने बुलाया। परिजन थाने में बैठे रहे।

Exit mobile version