सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को रफ्तार : कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने किया इंदौर-खंडवा नेशनल हाईवे का निरीक्षण

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

आगामी सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए इंदौर-खंडवा नेशनल हाईवे (NH-347BG) के निर्माण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आज हाईवे का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सिंहस्थ 2028 की दृष्टि से इस परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तेजी से कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुगम और सुरक्षित बनाई जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में आने वाली किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर किया जाए तथा NHAI को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, जिससे परियोजना निर्धारित समय में पूर्ण हो सके।
इस अवसर पर NHAI इंदौर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री प्रवीण यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि इंदौर-खंडवा नेशनल हाईवे परियोजना का संपूर्ण कार्य दिसंबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि भेरूघाट बायपास का निर्माण कार्य जुलाई 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके पूर्ण होने से घाट क्षेत्र में लगने वाले ट्रैफिक जाम से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान NHAI के तकनीकी अधिकारी एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ राजस्व अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Exit mobile version