सांसद शंकर लालवानी ने रेलवे अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश-

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

कार्य में देरी पर जताई नाराजगी सिंहस्थ-2028 से पहले विकास कार्य पूर्ण करने पर दिया जोर-

इंदौर में रेलवे विकास कार्यों को गति देने एवं आगामी सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर सांसद शंकर लालवानी ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार, पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय एवं वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के साथ इंदौर क्षेत्र की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
सांसद लालवानी ने बैठक एवं निरीक्षण के दौरान कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर गति दी जाए और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 के दौरान इंदौर-उज्जैन क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के आने की संभावना है, इसलिए रेलवे की तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
यात्रियों की सुविधा को लेकर सांसद ने रखे महत्वपूर्ण सुझाव

सांसद लालवानी ने इंदौर से संचालित होने वाली प्रमुख ट्रेनों के संचालन एवं प्लेटफॉर्म व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों के समक्ष महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उन्होंने 14802 इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस, 12465 रणथंभौर एक्सप्रेस एवं 12415 इंदौर-दिल्ली एक्सप्रेस के संचालन एवं समय को लेकर यात्रियों की सुविधा के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म नंबर 5 एवं 6 पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रेनों के संचालन के कारण यात्री एवं यातायात का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में ट्रेनों के संचालन को प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 4 के बीच बेहतर तरीके से व्यवस्थित कर प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर दबाव कम किया जाना चाहिए, जिससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो।

सफाई व्यवस्था पर सांसद ने जताई नाराजगी-

- Advertisement -

सांसद लालवानी ने रेलवे स्टेशनों की सफाई व्यवस्था तथा ट्रेनों में उपलब्ध बेडशीट की गुणवत्ता को लेकर भी अधिकारियों के समक्ष नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रियों को स्वच्छ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए।

शास्त्री ब्रिज के स्थायी समाधान के लिए सर्वे के निर्देश-

सांसद शंकर लालवानी ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सतीश कुमार एवं महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय के साथ शास्त्री ब्रिज का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा नागरिकों की सुविधा और भविष्य में बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए स्थायी ब्रिज के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।
सांसद ने अधिकारियों को स्थायी ब्रिज के लिए आवश्यक सर्वे कराने एवं आगे की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

इंदौर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों को गति देने के निर्देश-

सांसद लालवानी ने इंदौर रेलवे स्टेशन के निर्माण एवं पुनर्विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता से पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इंदौर की बढ़ती यात्री आवश्यकताओं एवं सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए रेलवे अधोसंरचना को भविष्य के अनुरूप तैयार किया जाए।
रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सतीश कुमार ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ-2028 से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से पूर्ण किए जाएं तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि “सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत इंदौर-उज्जैन क्षेत्र में रेलवे की तैयारियां समय से पूरी होना अत्यंत आवश्यक है। यात्रियों की सुविधा, सुगम आवागमन और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मजबूत एवं स्थायी अधोसंरचना का निर्माण हमारी प्राथमिकता है।”

इस दौरान पश्चिम रेलवे एवं रतलाम मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version