उच्च स्तरीय समिति करेगी विभिन्न पक्षों से संवाद एवं सुझाव आमंत्रित
मध्यप्रदेश शासन द्वारा समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) के संबंध में अध्ययन एवं परीक्षण हेतु गठित उच्च स्तरीय समिति की जनपरामर्श बैठक आगामी 23 मई 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे जाल सभागृह इंदौर में आयोजित की जाएगी। बैठक का उद्देश्य समान नागरिक संहिता से जुड़े विभिन्न सामाजिक, विधिक एवं प्रशासनिक पहलुओं पर जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों तथा विभिन्न वर्गों के सुझाव प्राप्त करना है।
बैठक में समिति के सदस्य श्री शत्रुघन सिंह (सेवानिवृत्त भा.प्र.से.), श्री अनूप नायर (कानूनविद), श्री गोपाल शर्मा (शिक्षाविद) और श्री बुधपाल सिंह (सामाजिक कार्यकर्ता) मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा गठित यह समिति प्रदेश में समान नागरिक संहिता के विभिन्न आयामों का अध्ययन कर सुझाव प्रस्तुत करेगी। जनपरामर्श बैठकों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। बैठक में जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत संगठन-संस्थाओं आदि के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।
