सज्जन सिंह वर्मा की धर्मपत्नी के निधन पर प्रदेशभर से आए गणमान्य नागरिकों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि..

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित वरिष्ठ नेताओं ने शोकसभा में अर्पित किए श्रद्धासुमन, अनुपस्थित जनों ने दूरभाष व सोशल मीडिया से व्यक्त की संवेदनाएं

जनहित पॉलिटिक्स 18 मार्च 2026 इंदौर। मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री सज्जन सिंह वर्मा जी की धर्मपत्नी तथा नेत्रदानी स्व. गगन वर्मा एवं पवन वर्मा की पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती सुभद्रा वर्मा जी के निधन पर संपूर्ण प्रदेश में शोक की लहर व्याप्त है। उनके देवलोक गमन (15 मार्च 2026) के पश्चात आयोजित शोकसभा में प्रदेशभर से आए गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं खेल संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

दिवंगत आत्मा की शांति हेतु आयोजित शोकसभा बुधवार को इंदौर स्थित गुरु अमरदास हॉल (चोइथराम हॉस्पिटल के समीप) में संपन्न हुई, जहां वातावरण अत्यंत गमगीन एवं भावुक रहा। उपस्थित जनसमूह ने नम आंखों से स्व. सुभद्रा वर्मा को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहन संवेदनाएं प्रकट कीं।

इस अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए दिवंगत के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि व्यक्त की। उन्होंने कहा कि स्व. सुभद्रा वर्मा का सादगीपूर्ण, करुणामय एवं सेवाभावी जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री मोहन यादव जी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी, नकुल नाथ जी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार जी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव जी, विधायक सचिन यादव जी, विधायक महेश परमार जी एवं वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों सहित गणमान्य नागरिको ने उन्होंने दूरभाष, संदेशों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी शोक संवेदनाएं प्रेषित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

शोकसभा उपरांत श्री सज्जन सिंह वर्मा के निज निवास 122, पलसीकर कॉलोनी, इंदौर पर भी बड़ी संख्या में आमजन एवं शुभचिंतक पहुंचकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। परिवार की ओर से आग्रह किया गया है कि जो भी नागरिक अपनी संवेदनाएं व्यक्त करना चाहते हैं, वे निवास स्थान पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित कर सकते हैं।

शोकसभा में दिल्ली, भोपाल, इंदौर, देवास, उज्जैन, धार सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं, कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्री सज्जन सिंह वर्मा तथा समस्त वर्मा परिवार से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं एवं दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

शोक बैठक मे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी,मीनाक्षी नटराजन,नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय,मध्यप्रदेश शासन के मंत्री तुलसी राम सिलावट, कई जिलों से आए विभिन्न राजनैतिक दलों के विधायक, पूर्व विधायक तथा पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने श्रीमती सुभद्रा वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

समस्त उपस्थितजनों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें।

Exit mobile version