बड़गोंदा थाना क्षेत्र के बुरालिया स्थित खोदरा महादेव मंदिर की 250 फीट गहरी खाई में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज हत्याकांड हुआ। यहां राहुल अटेरिया (18) नामक युवक ने अपनी प्रेमिका की मां किरण चौबे (36) को खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने बुधवार सुबह ग्रामीणों की मदद से 3 घंटे की मशक्कत के बाद खाई से शव बाहर निकाला। प्राथमिक जांच में हत्या का कारण परिजनों के विरोध के बाद टूटी सगाई की रंजिश सामने आया है।
नाबालिग बेटी को ऊपर रोका, मां को नीचे ले जाकर दिया धक्का
आरोपी राहुल और मृतका की नाबालिग बेटी सहपाठी हैं। राहुल का किरण के घर आना-जाना था और वह उनके बेटे अनुराग के साथ टाइल्स लगाने का काम भी करता था। कुछ समय पहले किरण ने दोनों की सगाई कराई थी, लेकिन परिवार के विरोध के बाद उसे तोड़ दिया गया।
इसी का बदला लेने के लिए राहुल ने योजना बनाई। मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे वह मां-बेटी को दर्शन के बहाने मंदिर ले गया। उसने साजिश के तहत नाबालिग को ऊपर ही रोक दिया और किरण को साथ लेकर नीचे गया, जहां मौका पाकर उन्हें खाई में धकेल दिया।
पिता को ब्रेन हेमरेज, मां ही संभाल रही थी घर का खर्च
मृतका किरण पीथमपुर की एक फार्मा कंपनी में काम करती थी और घर की एकमात्र सहारा थी। पति अवध चौबे को नौकरी छूटने के बाद 19 जनवरी को ब्रेन हेमरेज हो गया था, जिनका इलाज एमवाय अस्पताल में चल रहा है। मां की मौत के बाद अब नाबालिग बेटी और मजदूरी करने वाले बेटे के सामने पिता के इलाज और आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल आरोपी राहुल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
हत्या के बाद रात में बोला- ‘तेरी मां को निपटा दिया ’
वारदात के बाद आरोपी ने नाबालिग को तुरंत कुछ नहीं बताया और टायर पंक्चर होने का बहाना बनाकर साथ ले गया। देर रात उसने कहा- ‘मैंने तेरी मां को निपटा दिया है।’ घबराई नाबालिग ने तुरंत अपने भाई अनुराग को सूचित किया। अनुराग ने रात 12 बजे थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मूल रूप से महोबा (यूपी) का रहने वाला यह परिवार वर्तमान में पीथमपुर में रह रहा था।
