संभागायुक्त श्री लाक्षाकार की अध्यक्षता में पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

संभागायुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार की अध्यक्षता में आज पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में श्री लाक्षाकार ने विभाग द्वारा किए गए दस्तावेजों के पंजीयन की जानकारी प्राप्त की। बैठक में उप महानिरीक्षक पंजीयक श्री यू.एस. वाजपेयी, जिला पंजीयक डॉ. अमरेश नायडू, श्रीमती मंजुलता पटेल एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में संभागायुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग द्वारा शत्-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें। साथ ही मुद्रांक प्रकरणों एवं आर.आर.सी. प्रकरणों में बकाया राजस्व की वसूली में तेजी लायें। उन्होंने कहा कि इंदौर संभाग अंतर्गत लंबित सी.एम. हेल्पलाईन शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता के साथ किया जाए।
बैठक में पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग के उप महानिरीक्षक पंजीयक श्री वाजपेयी ने बताया कि संभाग के अंतर्गत समस्त वरिष्ठ जिला पंजीयक/जिला पंजीयकों के स्वीकृत पदों की तुलना में अधिकारियों/कर्मचारियों की पदस्थापना ना होने के कारण पद रिक्त है। इस कारण पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग को लक्ष्य की शत्-प्रतिशत पूर्ति, बकाया राजस्व की वसूली एवं कार्यालयों के दैनिक कार्य संपादित करने में कठिनाई हो रही है। नगर निगम इंदौर द्वारा लगाये गये दस्तावेजों के पंजीयन पर प्रतिबंध से आय प्रभावित हो रही है।
बैठक में पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग के उप महानिरीक्षक पंजीयक श्री वाजपेयी ने बताया गया कि राजस्व आय की समीक्षा में परिक्षेत्र इंदौर अंतर्गत जिलों को माह अगस्त-2026 तक आवंटित लक्ष्य 1668 करोड़ की तुलना में 1411.22 करोड़ लगभग 84.61 प्रतिशत की प्राप्ति की जा चुकी है। गत वर्ष की तुलना में माह अगस्त-2026 तक आय में लगभग 20 प्रतिशत एवं दस्तावेजों के पंजीयन में लगभग 10.20 प्रतिशत की वृद्धि परिलक्षित हुई है।

Exit mobile version