शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय इंदौर में विश्व युवा कौशल दिवस पर करियर मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास विषयक व्याख्यान आयोजित

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय इंदौर में प्राचार्य डॉ. वी. डी. श्रीवास्तव के संरक्षण तथा प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी. पी. बैरागी के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर छात्राओं के लिए करियर मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया।
मुख्य वक्ता डॉ. शैलेन्द्र पिपरिया ने छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की प्रभावी रणनीति पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने UPSC, MPPSC, SSC, बैंकिंग, रेलवे तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, उत्तर लेखन कौशल तथा निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सफलता का मूलमंत्र धैर्य, अनुशासन, सतत सीखने की प्रवृत्ति और व्यवहारिक ज्ञान है। साथ ही छात्राओं को रोजगार के बदलते अवसरों, कौशल विकास तथा व्यक्तित्व निर्माण के माध्यम से प्रतिस्पर्धी वातावरण में स्वयं को सक्षम बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की द्वितीय मुख्य वक्ता सुश्री रागिनी सिंह ठाकुर (निर्माण फाउंडेशन) ने छात्राओं को तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल विकसित करने, आत्मनिर्भर बनने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. निधि गुप्ता ने किया तथा आभार प्रदर्शन करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की नोडल अधिकारी डॉ. सीमा तिवारी ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यक्रम प्रभारी प्रो. ऋतु मथुरिया, समिति सदस्य डॉ. शीतल झा, डॉ. प्रियंका जैन एवं डॉ. अंजना चारसिया का विशेष सहयोग रहा।

Exit mobile version