शादी का झांसा देकर 3 साल तक करता रहा दुष्कर्म:टेलीकॉलर की नौकरी के दौरान हुई पहचान, फ्लैट पर बुलाकर बनाए संबंध

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 30 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले युवती से दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर मिलन सिंह पुत्र मेहताब सिंह सिसौदिया, निवासी करुणा अपार्टमेंट कनाड़िया के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया गया है। पीड़िता एक निजी कोचिंग संस्थान में टेलीकॉलर के रूप में काम करती है। करीब तीन साल पहले कोचिंग से जुड़े काम के दौरान उसने आरोपी को कॉल किया था, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई।
धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बातचीत व्हाट्सएप पर होने लगी। वर्ष 2024 में आरोपी ने युवती से प्रेम का इजहार करते हुए शादी करने का वादा किया। उसने यह भी कहा कि उसने अपने परिवार से इस बारे में बात कर ली है।
आरोप है कि इसी विश्वास में आकर युवती ने आरोपी को अपने फ्लैट पर मिलने बुलाया, जहां उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी कई बार मिलने आया और संबंध बनाता रहा।
कुछ समय बाद जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने परिवार के मना करने की बात कहकर शादी से इनकार कर दिया। खुद के साथ धोखा होने का एहसास होने पर युवती ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Exit mobile version