इंदौर के लसूडिया इलाके में 20 वर्षीय युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने कॉलोनी में रहने वाले अजय पाटिल के खिलाफ गुरुवार रात दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी अजय पाटिल को करीब पांच साल से जानती है। दोनों एक ही कॉलोनी में रहते हैं और सामान्य बातचीत के दौरान एक-दूसरे को पसंद करने लगे। पिछले करीब एक साल से दोनों एक-दूसरे से मिल रहे थे।
दिसंबर 2024 में होटल ले जाकर किया दुष्कर्म
युवती के अनुसार आरोपी उसे दिसंबर 2024 में महालक्ष्मी नगर स्थित एक होटल में लेकर गया था। वहां शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भी आरोपी शादी की बात टालता रहा।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी 7 दिसंबर 2025 को उसे दोबारा होटल ले गया। इसके बाद उसने युवती से बातचीत करना बंद कर दिया।
खजराना मंदिर बुलाकर शादी से किया इनकार
युवती के अनुसार आरोपी ने 2 मार्च को उसे खजराना गणेश मंदिर बुलाया। यहां बातचीत के दौरान उसने साफ कहा कि वह शादी नहीं करेगा। दबाव बनाने पर आरोपी ने युवती के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
मां को बताई पूरी घटना, दर्ज कराया मामला
धमकी के बाद युवती काफी डर गई और उसने अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद उसकी मां उसे थाने लेकर पहुंची, जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
